ad

प्रणेता साहित्य न्यास द्वारा हिंदी दिवस काव्य गोष्ठी एवं पुस्तक लोकार्पण का भव्य आयोजन


 

प्रणेता साहित्य न्यास द्वारा हिंदी दिवस काव्य गोष्ठी एवं पुस्तक लोकार्पण का भव्य आयोजन

दिल्ली । प्रणेता साहित्य न्यास (ट्रस्ट) के तत्वावधान में दिनांक 13 सितम्बर 2025 को सायं 4 बजे, शर्मा न्यू आर्ट्स कॉलेज, शक्ति नगर, दिल्ली में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में काव्य गोष्ठी, सम्मान समारोह एवं वरिष्ठ कथाकार एस.जी.एस. सिसोदिया की नवीनतम कृति ‘मौन में तुम’ के लोकार्पण का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का संयोजन और संचालन न्यास की महासचिव शकुंतला मित्तल द्वारा    वरिष्ठ कथाकार व न्यास के संस्थापक अध्यक्ष, राष्ट्रपति से सम्मानित एस.जी.एस. सिसोदिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध शिक्षाविद् डॉ. जगदीश चंद्र, हिन्दू महाविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय ने की।

मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार श्री सुमित भोजगी (दिल्ली का प्रतिबिंब) मंच पर उपस्थित रहे।

विशिष्ट अतिथि के रूप में ट्रू मीडिया के चर्चित पत्रकार श्री ओमप्रकाश प्रजापति की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाते हुए शर्मा न्यू आर्ट्स कॉलेज के संस्थापक व प्रधानाचार्य श्री विवेकानंद शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत गुरुग्राम की वरिष्ठ कवयित्री वीणा अग्रवाल ने अपने मधुर स्वर में सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर माँ शारदे का आह्वान किया।

सभी अतिथियों का अंगवस्त्र, माल्यार्पण और स्मृति चिह्न भेंट कर औपचारिक स्वागत किया गया। तत्पश्चात करतल ध्वनि और उल्लास के मध्य बहुप्रतीक्षित कहानी संग्रह ‘मौन में तुम’ का विमोचन संपन्न हुआ।

महासचिव शकुंतला मित्तल ने इस कृति की कथावस्तु, शिल्प और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए सिसोदिया जी को उनकी तेरहवीं पुस्तक के प्रकाशन हेतु हार्दिक बधाई दी।

एस.जी.एस. सिसोदिया जी ने अपने वक्तव्य में सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए अपने साहित्यिक जीवन यात्रा और ‘मौन में तुम’ की संरचना तथा इसके उद्देश्य पर विस्तृत प्रकाश डाला।

इसके पश्चात हिंदी की वर्तमान स्थिति, संभावनाओं एवं विकास पर आधारित काव्य गोष्ठी में अनेक प्रतिष्ठित साहित्यकारों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ दीं।

इस क्रम में अशोक पाहुजा, डॉ. भावना शुक्ल, वीणा अग्रवाल, परिणीता स्वयंसिद्धा, मोहिनी पांडेय, डॉ. अंजू अग्रवाल 'उत्साही', पायल गोयल, सरिता गुप्ता, रजनी बाला सहज, उमंग सरीन, प्रकाश कंवर, डॉ. कविता सिंह प्रभा, डॉ. अंजू क्वात्रा, प्रेम लता कोहली, रश्मि ममगाई और शकुंतला मित्तल की काव्यधारा ने कार्यक्रम को सरस और सजीव बना दिया।

मुख्य अतिथि श्री सुमित भोजगी ने प्रणेता साहित्य न्यास के प्रयासों की सराहना करते हुए 'दिल्ली का प्रतिबिंब' की ओर से प्रणेता के साहित्यकारों को जुड़ने का आमंत्रण दिया एवं उनकी रचनाएँ प्रकाशित करने का आश्वासन भी प्रदान किया।

विशिष्ट अतिथि श्री ओमप्रकाश प्रजापति ने न्यास की साहित्यिक यात्रा की प्रशंसा करते हुए ‘मौन में तुम’ को एक बेजोड़ कृति बताते हुए इसे सभी वर्गों के पाठकों के लिए उपयुक्त बताया।

अध्यक्ष डॉ. जगदीश चंद्र ने सभी साहित्यकारों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा की तथा हिंदी की उच्च शिक्षा में मौलिक पुस्तकों की कमी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने हिंदी में मौलिक सृजन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए सिसोदिया जी के समस्त साहित्य को अंग्रेजी में अनुवादित करने का सुझाव भी दिया।

अंत में डॉ. भावना शुक्ल (उपाध्यक्ष, प्रणेता साहित्य न्यास) ने सभी अतिथियों, सहभागियों एवं श्रोताओं का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी जनों का अभिनंदन किया।

देशभर से पधारे प्रतिष्ठित साहित्यकारों की गरिमामयी उपस्थिति ने इस कार्यक्रम को स्मरणीय, भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम का समापन चाय व जलपान के साथ हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ।

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post