ad

इटारसी की ऋषिका पटेल ने जीता गोल्ड, अब अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की तैयारी


 इटारसी की ऋषिका पटेल ने जीता गोल्ड, अब अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की तैयारी

इटारसी । रविवार को नेहरू स्टेडियम, इंदौर में आयोजित एमपी स्टेट बेंचप्रेस व डेडलिफ्ट चैंपियनशिप में इटारसी की होनहार पावरलिफ्टर सुश्री ऋषिका पटेल पिता राकेश पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने शहर और जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन मध्यप्रदेश यूनाइटेड पावरलिफ्टिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं मध्यप्रदेश पावरलिफ्टिंग/बेंचप्रेस एसोसिएशन के तत्वावधान में किया गया था।

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों सहित आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में दिनभर चले रोमांचक मुकाबलों के दौरान स्टेडियम खिलाड़ियों और दर्शकों की तालियों और उत्साह से गूंजता रहा।

इटारसी की ऋषिका पटेल ने 43.2 किलोग्राम बॉडी वेट के साथ 47 किलो वेट क्लास में दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 65 किलो का डेडलिफ्ट कर अपनी ताकत और क्षमता का शानदार परिचय दिया और अपने वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। आयोजक मंडल द्वारा जारी प्रमाणपत्र में दर्ज पोजीशन के अनुसार ऋषिका को प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्रदान किया गया।

आयोजन की जिम्मेदारी रितेश विरांग के पास रही, जबकि वाइस प्रेसिडेंट मनप्रीत सिंह धीर, ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी कैलाश सुरागे, ट्रेजरर सुरेश शर्मा, मीडिया प्रभारी जयेश वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न वर्गों—सब जूनियर, जूनियर, सीनियर, मास्टर्स और हैंडीकैप्ड खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और बेहतर सुविधाओं व प्रशिक्षण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का मंच प्रदान करती हैं।

ऋषिका की उपलब्धि से इटारसी में खुशी की लहर दौड़ गई है। शहरवासियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता खासकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है और युवाओं को पावरलिफ्टिंग जैसे खेलों की ओर आकर्षित करेगी।

अब ऋषिका 28 से 30 नवंबर, करनाल (हरियाणा) में आयोजित होने वाली इंटरनेशनल पावरलिफ्टिंग डेडलिफ्टिंग चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश और भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। शहर को उम्मीद है कि वहां भी वे स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाएंगी।

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post