नारी जागृति मंच, इटारसी ने दुर्गम वनग्राम दानवाखेड़ा में किया वस्त्र वितरण, मानवता का दिया जलाया
इटारसी | बैतूल जिले की घोड़ाडोंगरी तहसील अंतर्गत दुर्गम वनग्राम दानवाखेड़ा में नारी जागृति मंच इटारसी द्वारा 30 नवंबर 2025 को शीतकालीन वस्त्र एवं आवश्यक सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। घने जंगल, पहाड़ी नाले और कठिन रास्तों को पार कर मंच की टीम ग्रामीणों तक पहुँची और जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री वितरित की।
मंच की संयोजिका श्रीमती विद्या मिश्रा के नेतृत्व में सुमन शर्मा, कीर्ति मालवीय, सुनयना तिवारी, रश्मि गायकवाड, मालती त्रिपाठी, विधि मिश्रा, श्रीनिधि तिवारी सहित टीम ने महिलाओं, बच्चों एवं पुरुषों को वस्त्र, जूते-चप्पल, खिलौने व अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की। इस सेवा अभियान में श्रमिक आदिवासी संगठन के राजेन्द्र गढ़वाल तथा किसान आदिवासी संगठन के कपिल खण्डेलवाल का विशेष सहयोग रहा।
कोरकू जनजाति बाहुल्य इस ग्राम में आज भी बिजली, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा व आंगनबाड़ी जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपने पारंपरिक नृत्य-गीतों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया।
ग्राम में संचालित ‘समता पाठशाला’ में वर्तमान में 135 बच्चों को शिक्षा प्रदान की जा रही है। इस पाठशाला में शिक्षक श्री बाबूलाल जी ग्रामीणों के सहयोग से निरंतर सेवाएँ दे रहे हैं। क्षेत्र में बीमारी फैलने की सूचना को देखते हुए नारी जागृति मंच द्वारा आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा नि:शुल्क उपचार की व्यवस्था हेतु भी पहल प्रारंभ कर दी गई है।
नारी जागृति मंच ने शासन, प्रशासन तथा समाज से अपील की है कि दानवाखेड़ा सहित आसपास के वनग्रामों की मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान हेतु ठोस एवं संवेदनशील प्रयास किए जाएँ।

