22 अक्टूबर को दिए जाएंगे शांति-गया स्मृति सम्मान
भोपाल । शांति-गया साहित्य, कला एवं खेल संवर्द्धन समिति के तत्वावधान में संस्थित विभिन्न सम्मान 22 अक्टूबर को अपरान्ह दो बजे से दुष्यंत संग्रहालय के राज सभागार भोपाल में आयोजित एक गरिमामय समारोह में दिए जाएँगे। समारोह की अध्यक्षता साहित्य अकादमी सम्मान से सम्मानित वरिष्ठ साहित्यकार गोविन्द मिश्र करेंगे तथा साहित्य अकादमी सम्मान से सम्मानित वरिष्ठ कवि राजेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। अनिल वर्मा, भूतपूर्व न्यायाधीश, मध्यप्रदेश उच्च न्यायलय, सुरेंद्र विक्रम प्रसिद्द बाल साहित्यकार एवं अशोक ध्यानचंद, हॉकी ओलिंपियन व अर्जुन अवार्डी विशेष अतिथि के रूप में मंचासीन रहेंगे। जयपुर के वरिष्ठ साहित्यकार प्रबोध कुमार गोविल को शांति -गया शिखर सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें रु 11000/-, शाल, सम्मान पत्र तथा स्मृति चिन्ह भेंट किया जाएगा। उनके अतिरिक्त दिनेश कुमार माली (उड़ीसा) को हरिशंकर श्रीवास्तव साहित्य श्री सम्मान तथा अशोक ध्यानचंद को शांति-गया लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही तीन श्रेणियों में दिए जाने वाले नैली राजेश सिंह स्मृति कृति सम्मान रु 11000/- का उपन्यास विधा का पुरस्कार गाजियाबाद के आचार्य राजेश कुमार एवं अमरावती की आशा पांडेय को संयुक्त रूप से दिया जाएगा। लघुकथा विधा में शर्मिला चौहान (ठाणे) एवं मनोरमा पंत (भोपाल) तथा बाल साहित्यः डॉ मालती बसंत (भोपाल) एवं पद्मा चौगांवकर (गंज बासौदा) सम्मानित की जाएंगी। कला के लिए नैली राजेश सिंह स्मृति सम्मान हिदायत खाँ चूई (नागौर) एवं सुधीर कुमार पांड्या (भोपाल) को दिए जाएँगे। अंतरराष्ट्रीय पाल नौकायन खिलाडी और कोच जीएल यादव को ज्ञान प्रकाश खरे खेल-रत्न सम्मान एवं खेल लेखक हरीश हर्ष को सरोज खरे खेल रत्न सम्मान दिए जाएंगे।
इनके अतिरिक्त छ: अन्य रचनाकारों को क्रमश: उपन्यास के लिए ललिता देवी स्मृति सम्मान दीपक गिरकर (इंदौर) एवं सुदर्शन सोनी (भोपाल) को, लघुकथा के लिए शकुंतला मिश्र स्मृति सम्मान कर्नल डॉ गिरिजेश सक्सेना एवं डॉ वर्षा ढोबले को तथा बाल साहित्य के लिए शकुंतला उर्मलिया स्मृति सम्मान लाल देवेंद्र श्रीवास्तव (बस्ती) एवं जीनत एहसान कुरैशी (मुंबई) को प्रदान किए जाएंगे।
सम्मान समारोह से पूर्व एक कवि गोष्ठी का आयोजन रखा गया है जिसमें शहर के आठ नामचीन कवि भाग लेंगे। ये कवि हैं - शशिकांत गीते, रुपाली सक्सेना, हरिओम श्रीवास्तव, मनोज जैन मधुर, प्रियदर्शी खैरा, कुमार सुरेश, डॉ मौसमी परिहार एवं सलीम सरमद। कार्यक्रम के दौरान श्रवण कुमार उर्मलिया की दो पुस्तकों आरामगाह (उपन्यास) एवं बुद्धिमानी का जहर (व्यंग्य संग्रह), दिनेश कुमार माली के उपन्यास शहीद माधोसिंह बरिहा की खोज तथा अरुण अर्णव खरे के दोहा संग्रह सात सुर स्नेह के का विमोचन भी किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन घनश्याम मैथिल 'अमृत' तथा दामोदर आर्य करेंगे।
Tags:
साहित्यिक समाचार
