बदहाल व्यवस्था देख पार्षद ने खुद लगाई अपने वार्ड में झाड़ू
इटारसी । नगर पालिका परिषद इटारसी में नवागत सीएमओ सुरेखा जाटव ने जिस तरह अपनी आमद के साथ ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था की कमान संभाली थी। धीरे धीरे उसकी कलई खुलती नजर आ रही है।
पार्षदों और सोशल मीडिया की ग्राउंड रिपोर्ट को माने तो शहर के बाजार को छोड़ आंतरिक गली मोहल्लों और कॉलोनियों के हाल बदहाल है। आम जनता के मुद्दों और समस्याओं को प्रखरता से उठाने वाले कांग्रेसी पार्षद अमित कापरे ने आज नगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कटघरे में खड़ा कर दिया। मामला सफाई कर्मचारीयों की भर्ती को लेकर है। कापरे ने आज उनके वार्ड की अजै बचन कॉलोनी में खुद झाड़ू लगाई। ऐसा कर उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 5000 लोगों की जनसंख्या और क्षेत्रफल के मान से शहर के सबसे बड़े वार्डों में से एक वार्ड क्रमांक 16 में पर्याप्त कर्मचारी नहीं है। जिससे साफ सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
कापरे ने बताया नगर पालिका में 2014 से आज दिनांक तक करीब 60 से अधिक सफाई कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं। सितंबर 2022 तक कुल 109 सफाई कर्मचारी नगर पालिका में कार्य करते थे। बीते वर्षों में नई कॉलोनीयों के डेवलप होने के कारण शहर की सीमा में क्षेत्रफल की दृष्टिकोण से वृद्धि हुई है। वर्तमान नगर पालिका परिषद में स्थाई सफाई कर्मचारीयों को छोड़कर 100 के करीब आउटसोर्स सफाई कर्मचारी काम कर रहे है। जबकि मात्र बेसिक साफ सफाई बनाए रखने के लिए शहर में 300 से अधिक सफाई कर्मचारियों की आवश्यकता है। वहीं ऐन त्यौहार के समय सीएमओ द्वारा सफाई मुकद्दमों को बिना पार्षदों से सलाह लिए एक वार्ड से दूसरे वार्ड में स्थानांतरित कर दिया है।
कापरे ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को सलाह दी कि यह समय नए नए प्रयोग करने का नहीं है। वार्ड की जनता ने हमें बड़े भरोसे और विश्वास के साथ जिताया हैं ऐसे में नगरपालिका की लड़खड़ाती हुई अर्थव्यवस्था और संसाधनों की कमी के बाद लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतर पाना बड़ा चुनौती पूर्ण है। सड़क, पानी, बिजली जैसे साधारण कार्य तो बहुत दूर की कौड़ी है। दैनिक साफ सफाई में उपयोग किए जाने वाली सामग्रियों के भी लाले हैं। चार-चार महीना तक कर्मचारियों को झाड़ू नहीं मिल पाती। कई मर्तबा पार्षद को खुद अपने जेब से झाड़ू खरीदने के पैसे सफाई कर्मचारियों को देने पड़ते हैं। छोटे हाथ ठेले किस्मे कचरा ले जाया जाता है की रिपेयरिंग करवाने में छः-छः महीने लग जाते हैं।
वही नगर पालिका की जलप्रदाय शाखा के तो और भी बुरे हाल हैं। जल आपूर्ति के लिए दो इंच का पाइप मांगने पर 4 महीने बाद नगर पालिका पाइप मुहैया कराती है। फिर पाइप को जोड़ने के लिए सॉकेट फ्लिंच वॉल्व की अनुपलब्धता बता कर महीनों तक काम पेंडिंग कर दिया जाता है। पार्षद अमित कापरे ने बताया कि गत 2 महीने में तीन बार पाइपलाइन लीकेज को सुधारने के लिए उन्हें करीब साढ़े चार हजार रुपए अपने जेब से व्यय करने पड़े।
सोने पर सुहागा नगर पालिका का विद्युत विभाग पिछले 1 साल से निष्क्रिय है। टेंडरों की खींच तान के चलते पिछले 1 वर्ष से शहर में स्ट्रीट लाइट के खंभों पर नई एलईडी नहीं लग पा रही। वर्तमान ठेकेदार पुरानी एलईडी रिप्लेस कर नई एलइडी नहीं दे रहा। बमुश्किल पुरानी ट्यूबलाइट से जैसे तैसे काम धकाना पड़ रहा है।
नगर पालिका के कप्तान अध्यक्ष पंकज चौरे की परेशानियां कम होने का नाम ही नहीं ले रही। शहर की नैया की बमुश्किल पतवार संभाले हुए अपना भरसक प्रयास कर रहे हैं। नगर पालिका चुनाव पास में है ऐसे में पार्षदों के ऊपर अच्छे प्रदर्शन का दबाव है। चरमराती अर्थव्यवस्था से जूझती खस्ताहाल नगर पालिका मृतप्राय पड़ी हुई है।
Tags:
समाचार
