महर्षि वाल्मीकि जयंती पर रामायण केंद्र द्वारा “आदिकाव्य और आदिकाव्य” विमर्श हुआ
भोपाल । रामायण केंद्र भोपाल के तत्वाधान में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर “आदिकाव्य और आदिकाव्य” विमर्श समारोह दुष्यंत संग्रहालय में पद्मश्री विभूषित डॉ. नारायण व्यास की अध्यक्षता, साध्वी पीताम्बरा नांदगिरी के मुख्य आतिथ्य तथा मानस मर्मज्ञ डॉ. राजेश श्रीवास्तव के सानिध्य में आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वामी अनिलानंद सारस्वत अतिथि, महेश सक्सेना डॉ. मोहन तिवारी ‘आनंद’, रामराव वामनकर, सुरेश पटवा विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।
मनस्वी तोलानी द्वारा गणेश और सरस्वती वंदना उपरांत सांस्कृतिक प्रस्तुति अंतर्गत राज रंजन संगीत साधना केंद्र द्वारा सामूहिक तबला वादन एवं भजन, अहान शर्मा, विहान शर्मा द्वारा लव कुश एकल अभिनय के बाद चांदनी गोस्वामी मेघा बघेल नृत्य प्रस्तुति को लोगों में खूब सराहा।
रामायण केंद्र के महासचिव डॉक्टर दिनेश श्रीवास्तव के स्वागत उद्बोधन पश्चात सुरेश पटवा ने बीज वक्तव्य में कहा कि सनातन संस्कृति के सैद्धांतिक मूल्यों की जनसामान्य में स्थापना में तीन महान विभूतियों का योगदान अविस्मरणीय है- “आदि शंकराचार्य, महर्षि बाल्मीकि और संत तुलसीदास।” आदि शंकराचार्य ने सम्पूर्ण सनातन दर्शन को वेदांत के रूप में स्थापित किया, महर्षि बाल्मीकि ने वेदांत दर्शन सिद्धांतों पर “आदिकाव्य – रामायण” महाकाव्य रच कर उसे अध्येता समाज में स्थापित किया तो संत तुलसीदास ने “रामचरितमानस” के माध्यम से श्रीराम की भक्ति को जन-जन तक पहुँचाया। इस पूरे प्रसंग में महर्षि बाल्मीकि की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। जिन्होंने वेदान्त के सिद्धांतों पर रामायण महाकाव्य की रचना की थी।
डॉ. नारायण व्यास ने कहा कि श्री राम के बारे में शोधपूर्ण बातें सुनकर अभिभूत हूँ। उत्खनन में श्री रमणीक मूर्तियां मिलती हैं तब मन गदगद हो जाता है।
साध्वी पीताम्बरा नांदगिरी ने अपने संबोधन में कहा कि राम का नाम इतना पवित्र है कि सिर्फ “र” कहने मात्र से मुक्ति प्राप्त हो जाती है। स्वामी अनिलानंद कहा कि यदि व्यक्ति रामायण को जीवन में उतार ले तो उसे फिर स्वर्ग की आवश्यकता नहीं रह जाती। वह स्वर्ग का अनुभव पृथ्वी पर कर सकता है।
मानस मर्मज्ञ डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने श्रोताओं को संबोधित करते हुए कहा कि रामकथा का आरम्भ बाल्मीकि-नारद संवाद से होता है। महर्षि बाल्मीकि ने रामकथा से हमारा प्रथम परिचय कराया और भारतीय संस्कृति में आदर्श जीवन मूल्यों की स्थापना में उनका अमूल्य योगदान है।
डॉ. मोहन तिवारी ‘आनंद’ ने महर्षि बाल्मीकि के जन्म से महर्षि बनने तक कथानक की मीमांसा प्रस्तुत की। रामराव वामनकर ने महर्षि बाल्मीकि के दस्यु से महर्षि बनने के रहस्य को श्लोकों के माध्यम से प्रस्तुत कर श्रोताओं को भाव विभोर कर दिया। महेश सक्सेना ने भारतीय ज्ञान परंपरा में महर्षि बाल्मीकि का विशिष्ट स्थान है।
कार्यक्रम का संचालन रामायण केंद्र की सचिव डॉक्टर अनुभूति शर्मा ने किया और अतिथियों का आभार प्रदर्शन संयुक्त सचिव रूपाली सक्सेना ने किया।
डॉक्टर राजेश श्रीवास्तव
अध्यक्ष रामायण केंद्र भोपाल
Tags:
समाचार
