ad

शरद पूर्णिमा — आस्था, प्रेम और अमृतमयी चाँदनी का पर्व - मधूलिका श्रीवास्तव , भोपाल



शरद पूर्णिमा — आस्था, प्रेम और अमृतमयी चाँदनी का पर्व

शरद चाँदनी में निखरा, प्रकृति का रूप महान,
अमृत-सी शीतलता बिखरे, पुलकित हो जहान।
मन में श्रद्धा, हृदय में प्रेम, अधरों पर मुस्कान,
पूर्णिमा की उजली रात दे, जीवन को नवज्ञान।

आश्विन मास में आने वाली शरद पूर्णिमा हिंदू धर्म के प्रमुख पर्वों में से एक है। वर्षा ऋतु की विदाई और शरद ऋतु के आगमन के बीच आने वाली यह पूर्णिमा चंद्रमा की शीतलता, समृद्धि, प्रेम और भक्ति का प्रतीक मानी जाती है। वर्षा के बाद स्वच्छ आकाश, निर्मल चाँदनी और मंद शीतल हवाएँ वातावरण को मनोरम बना देती हैं। प्रकृति का यह अनुपम सौंदर्य मन को शांति और आनंद से भर देता है।
शारदीय नवरात्रि के बाद आश्विन मास की पूर्णिमा को शरद पूर्णिमा कहा जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस रात चंद्रमा अपनी सोलह कलाओं से युक्त होकर पूर्ण तेज के साथ आकाश में चमकता है। इसकी उज्ज्वल और शीतल चाँदनी मन को शांति प्रदान करने वाली मानी जाती है। इसीलिए शरद पूर्णिमा को प्रकृति की सुंदरता, पूर्णता और आध्यात्मिक आनंद का पर्व भी कहा जा सकता है।
शरद पूर्णिमा को कोजागरी पूर्णिमा भी कहा जाता है। ‘को जागर्ति’ का अर्थ है‘ - ‘कौन जाग रहा है?’ लोकमान्यता के अनुसार, इस रात माँ लक्ष्मी पृथ्वी पर भ्रमण करती हैं और जो भक्त जागकर उनकी आराधना करते हैं, उन पर अपनी कृपा बरसाती हैं। इस अवसर पर अनेक लोग रात्रि-जागरण करते हैं, दीपदान करते हैं और माँ लक्ष्मी की पूजा-अर्चना करते हैं।
इस परंपरा का एक आध्यात्मिक अर्थ भी है। जागने का आशय केवल रातभर जागते रहना नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों, विवेक और सदाचार के प्रति सजग रहना भी है। माँ लक्ष्मी की कृपा की कामना के साथ यह पर्व हमें याद दिलाता है कि समृद्धि केवल धन से नहीं, बल्कि परिश्रम, संयम, सद्बुद्धि और सदाचरण से भी आती है। कोजागरी की यह परंपरा हमें अपने भीतर की चेतना को जागृत रखने की प्रेरणा देती है।
शरद पूर्णिमा से जुड़ी सबसे प्रसिद्ध पौराणिक मान्यताओं में भगवान श्रीकृष्ण की महारास लीला का विशेष स्थान है। भक्ति परंपरा के अनुसार, वृंदावन में शरद ऋतु की एक मनोरम रात को आकाश में पूर्ण चंद्रमा अपनी उज्ज्वल चाँदनी बिखेर रहा था। यमुना का तट और वन-उपवन चाँदी-से चमक रहे थे। इसी अलौकिक वातावरण में श्रीकृष्ण ने अपनी बाँसुरी की मधुर तान छेड़ी। उसकी मोहक ध्वनि सुनकर गोपियाँ उनकी ओर खिंची चली आईं।कहा जाता है कि उस दिव्य रात्रि में श्रीकृष्ण ने गोपियों के साथ महारास रचाया। भक्ति साहित्य में यह प्रसंग जीवात्मा और परमात्मा के मिलन, प्रेम, समर्पण और आध्यात्मिक आनंद का प्रतीक माना जाता है। महारास का संदेश है कि सच्ची भक्ति में अहंकार का स्थान नहीं होता; वहाँ प्रेम और पूर्ण समर्पण ही सर्वोपरि हैं।
शरद पूर्णिमा से जुड़ी एक अन्य पौराणिक कथा चंद्रदेव और प्रजापति दक्ष से संबंधित है।
कथा के अनुसार, चंद्रदेव का विवाह प्रजापति दक्ष की सत्ताईस पुत्रियों से हुआ था, किंतु उनका अनुराग रोहिणी के प्रति अधिक था। चंद्रदेव के इस पक्षपात से अन्य पुत्रियाँ दुखी हुईं और उन्होंने अपने पिता दक्ष से शिकायत की। दक्ष ने क्रोधित होकर चंद्रदेव को क्षीण होने का श्राप दे दिया। इस श्राप के कारण चंद्रमा का तेज घटने लगा।
व्याकुल चंद्रदेव ने देवर्षि नारद के परामर्श पर भगवान शिव की तपस्या की। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर महादेव ने उन्हें वरदान दिया कि उनका तेज धीरे-धीरे पुनः बढ़ेगा और वे पूर्णिमा के दिन अपनी पूर्ण आभा प्राप्त करेंगे। धार्मिक मान्यता में चंद्रमा के घटने-बढ़ने की इस प्रक्रिया को इसी कथा से जोड़ा जाता है। चंद्रदेव की इस कथा से यह संदेश ग्रहण किया जा सकता है कि विपरीत परिस्थितियों में धैर्य, प्रार्थना और आशा का सहारा मनुष्य को फिर से पूर्णता की ओर ले जा सकता है।
भगवान शिव और माता पार्वती के पुत्र कुमार कार्तिकेय का जन्म इसी दिन हुआ था ।अतः इसे कुमार पूर्णिमा भी कहा जाता है। विशेष रूप से ओडिशा में कुमार पूर्णिमा का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया जाता है। इस अवसर पर कुमारी कन्याएँ प्रातःकाल स्नान करके सूर्य की पूजा करती हैं और संध्या के समय चंद्रमा की आराधना करती हैं। इस पर्व से जुड़ी लोकमान्यताओं में योग्य जीवनसाथी की कामना भी शामिल है।
शरद पूर्णिमा की एक लोकप्रिय परंपरा है जो आज सबसे महत्वपूर्ण बन गई है वह है रात में खीर बनाकर खुले आकाश के नीचे चाँदनी में रखने की। बाद में इसे प्रसाद के रूप में ग्रहण किया जाता है। लोकविश्वास है कि इस रात चंद्रमा से अमृतमयी किरणें बरसती हैं, जिनसे खीर विशेष गुणों से युक्त हो जाती है। यह मान्यता भारतीय लोकजीवन में प्रकृति और आस्था के गहरे संबंध को दर्शाती है। चंद्रमा की शीतल चाँदनी में परिवार के साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करना इस पर्व की आत्मीयता और उल्लास को भी बढ़ाता है।
शरद पूर्णिमा केवल चंद्रमा की सुंदरता निहारने का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में आस्था, प्रेम, समृद्धि, भक्ति और आत्मचेतना का उत्सव भी है। इसकी उजली चाँदनी हमें बाहरी जगत की सुंदरता के साथ अपने अंतर्मन में भी प्रकाश भरने की प्रेरणा देती है।
〰️〰️〰️〰️〰️
मधूलिका श्रीवास्तव 
E-101/17 शिवाजी नगर, 
भोपाल (म.प्र.)(462016)
mob. 9425007686
देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post