संत शिरोमणि श्री रविदास के विचार सामाजिक समरसता के लिए आज भी प्रासंगिक - विहिप केंद्रीय संगठन महामंत्री श्री देशपांडे
विश्व हिंदू परिषद की वृहद गोष्ठी में संत शिरोमणि रविदास के जीवन दर्शन एवं महर्षि वाल्मीकि के योगदान पर हुआ व्याख्यान
मंदसौर से वरिष्ठ पत्रकार
डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट
मंदसौर। विश्व हिंदू परिषद मालवा प्रांत के मंदसौर विभाग एवं जिला संगठन के संयुक्त तत्वावधान में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष एवं विहिप नेता स्व. श्री अशोक सिंघल के 100 वे जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सामाजिक समरसता वृहद गोष्ठी का आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की भूमिका विहिप मंदसौर विभाग मंत्री श्री अनुपाल सिंह झाला ने रखी। विभाग संयोजिका टीना शर्मा ने एकल गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सह संगठन महामंत्री श्री विनायक राव देशपांडे ने अपने व्याख्यान में महर्षि वाल्मीकि जी एवं संत रविदास जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी किसी एक जाति विशेष के नहीं, बल्कि संपूर्ण हिंदू समाज के वंदनीय एवं पूजनीय महापुरुष हैं। उनके जीवन और योगदान को संपूर्ण समाज की साझा विरासत के रूप में देखना चाहिए।
श्री देशपांडे ने संत रविदास जी के विचारों की व्याख्या करते हुए कहा कि संत रविदास जी ने जन्म के आधार पर ऊंच-नीच के भेदभाव का विरोध किया और व्यक्ति के गुण, कर्म एवं आचरण को महत्व दिया। उनके विचार समानता, परस्पर सम्मान और सामाजिक एकता की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने संत रविदास जी की गुरु परंपरा का उल्लेख करते हुए स्वामी रामानंदाचार्य जी तथा संत कबीर, संत धन्ना और संत सेना नाई जैसे संतों का संदर्भ दिया।
उन्होंने संत रविदास जी की वाणी में निहित पराधीनता के विरोध और आत्मसम्मान के संदेश को रेखांकित करते हुए कहा कि समाज में आपसी भेदभाव और फूट से सामूहिक शक्ति कमजोर होती है, जबकि एकता और संगठन से समाज सशक्त बनता है। संत रविदास जी का जीवन एवं उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता और समाज जागरण के लिए प्रासंगिक हैं।
अपने संबोधन में संत रविदास जी के व्यापक प्रभाव का उल्लेख करते हुए श्री देशपांडे ने मीराबाई सहित उनके अनुयायियों एवं उनसे प्रभावित विभिन्न वर्गों के लोगों का संदर्भ भी दिया गया। उन्होंने कहा कि संत महापुरुषों के विचारों को जीवन में अपनाकर समाज में आपसी सद्भाव, सम्मान और समरसता को मजबूत किया जा सकता है।
अध्यक्षता कर रहे श्री प्रभुलाल सूर्यवंशी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सामाजिक समरसता के महत्त्व पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने संत महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात कर समाज में एकता, सद्भाव और परस्पर सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में भागवत विद्वान आचार्य डॉ. देवेंद्र शर्मा शास्त्री विशेष अतिथि , बसंत परमार, विहिप मालवा प्रांत संगठन मंत्री खगेन्द्र भार्गव, विहिप प्रांत सह सामाजिक समरसता प्रमुख शिव प्रसाद शर्मा, विहिप मंदसौर विभाग मंत्री अनुपाल सिंह झाला एवं विहिप जिला अध्यक्ष डॉ. प्रवीण मण्डलोई मंचासीन रहे।
अतिथियों का परिचय विहिप जिला धर्म प्रसार प्रमुख शंकर शर्मा ने दिया । सभा संचालन बजरंग दल जिला विद्यार्थी प्रमुख गोपाल कुमावत टांक ने किया। अंत में विहिप मंदसौर प्रखंड अध्यक्ष श्री कन्हैयालाल सोनगरा ने आभार व्यक्त किया। यह जानकारी विहिप जिला मंत्री श्री हेमंत बुलचंदानी ने दी।
सभागार में बड़ी संख्या में विभिन्न क्षेत्रों संस्थाओं संगठनों के गणमान्य जनों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे । मुख्य वक्ता श्री देशपांडे ने विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य जनों से परिचय प्राप्त किया और मंच पर भी कार्यक्रम बाद संवाद किया । पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मदनलाल राठौर पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, पूर्व पार्षद अरुण शर्मा वरिष्ठ पत्रकार डॉ घनश्याम बटवाल रविन्द्र पाण्डेय श्रीमती संध्या शर्मा आदि ने भेंट कर परिचय दिया।
Tags:
समाचार
