सेमरखेड़ी जैन तीर्थक्षेत्र की गुफा में तोड़फोड़, ग्रंथराज ‘श्री अध्यात्मवाणी जी’ को किया क्षतिग्रस्त
दान पेटी तोड़कर राशि ले जाने का आरोप, तारण तरण जैन समाज ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर की सख्त कार्रवाई की मांग
इटारसी। सिरोंज स्थित जैन तीर्थक्षेत्र श्री सेमरखेड़ी में असामाजिक तत्वों द्वारा गुफा में तोड़फोड़ कर ग्रंथराज ‘श्री अध्यात्मवाणी जी’ को क्षतिग्रस्त करने तथा दान पेटी तोड़कर राशि ले जाने की घटना सामने आई है। इस घटना से तारण तरण जैन समाज में गहरा रोष और दुख व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 एवं 10 अक्टूबर 26 की दरम्यानी रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने जैन तीर्थक्षेत्र श्री सेमरखेड़ी में स्थित गुफा की दीवार तोड़ दी। इसके साथ ही मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर रखे ग्रंथराज ‘श्री अध्यात्मवाणी जी’ को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। आरोप है कि आरोपियों ने दान पेटी तोड़कर उसमें रखी दान राशि भी निकाल ली।
उल्लेखनीय है कि यह गुफा परम पूज्य सद्गुरु श्री तारण तरण स्वामी जी की तपोभूमि है। ट्रस्ट कमेटी द्वारा इसका निर्माण एवं संरक्षण किया गया है। धार्मिक स्थल पर इस प्रकार की घटना से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
इस मामले में श्री दिगम्बर जैन तारण समाज संगठन सभा, इटारसी द्वारा एसडीएम इटारसी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर घटना पर चिंता व्यक्त की गई है। ज्ञापन के माध्यम से शासन से मांग की गई है कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए तथा उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
समाज ने धार्मिक स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी प्रभावी कदम उठाने की अपेक्षा जताई है।
Tags:
समाचार
