अखिल भारतीय साहित्य परिषद द्वारा वाल्मीकि जयंती पर शरद काव्य गोष्ठी आयोजित
क्रौंच वध की वेदना से ऋषि वाल्मीकि ने प्रथम संस्कृत श्लोक उच्चारित किया जो रामायण का स्त्रोत बना - जनपरिषद अध्यक्ष डॉ बटवाल
मालवी रचना - रास रचावा ने आओ सांवरिया पूनम की है रात रे- कवि श्री नादान
युवा प्रवर्तक न्यूज मन्दसौर
मन्दसौर। ऋषि वाल्मीकि का पुराना नाम रत्नाकर था जो डाकू से हृदय परिवर्तन से कारण ़ऋषि हुए, तपस्या में शरीर पर दीपक ने मिट्टी के घर बना लिये जिसे ‘वाल्मिक’ कहा जाता था, इससे उनका नाम वाल्मीकि हुआ। क्रोंच पक्षी के जोड़े को तीर लगने से नर क्रोंच घायल होकर उनके सम्मुख गिरा तभी शिकारी के लिये उनके मुख से संस्कृत का प्रथम श्लोक उच्चारित हुआ ‘मा निषाद प्रतिष्ठां त्वगमः शाश्वती समांः’’। यह श्लोक से स्वतः ही उत्पन्न हुआ था जो आगे चलकर ब्रह्माजी के आशीर्वाद से इसी शैली में रामायण लिखने का स्त्रोत बना उक्त विचार अ.भा. साहित्य परिषद जिला इकाई द्वारा आयोजित वाल्मीकि जयंती पर शारदीय काव्य गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए जन परिषद अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. घनश्याम बटवाल ने प्रकट किये।
डॉ बटवाल ने कहा कि सभी समाज और वर्ग को जोड़ते हुए समरसता भाव साहित्य परिषद गोष्ठी के सभागार में दिखाई देता है यह हमारी संस्कृति और व्यवहार को पुष्ट करता है और यह भारत की एकता अखंडता के लिए जरूरी है । आपने सरस और सार्थक आयोजन के लिए साहित्य परिषद को बधाई दी ।
कार्यक्रम में वाल्मीकि समाज संरक्षक एवं वरिष्ठ समाजसेवी श्री राजाराम तंवर, साहित्यकार श्री बाबूभाई सिंघल, साहित्य परिषद अध्यक्ष श्री नरेंद्र भावसार अतिथि रहे । कार्यक्रम के आरंभ में माता सरस्वती एवं महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन किया। हेमू कालानी चौराहे स्थित मेडिपॉइंट सभागार में आयोजित गोष्ठी में विभिन्न संस्थाओं संगठनों ने सहभागिता की
अतिथियों का स्वागत नंदकिशोर राठौर, नरेन्द्र त्रिवेदी, अजय डांगी, गोपाल बैरागी, श्रीमती चंदा डांगी, श्रीमती हेमा सिंह भावसार, राजेन्द्र चाष्टा, प्रकाश कल्याणी, निरंजन भारद्वाज आदि ने किया।
सरस्वती वंदना हेमा भावसार ने तथा परिषद गीत ‘‘भारती की लोक मंगल साधना साकार हो’’ नंदकिशोर राठौर ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर पुलिस के नशामुक्ति एवं साइबर सुरक्षा जन जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता हेतु मध्यप्रदेश पुलिस महानिदेशक द्वारा मंदसौर के डॉ घनश्याम बटवाल को पुलिस मित्र सम्मान प्रदान किये जाने पर साहित्य परिषद ने उनका स्वागत सम्मान किया ।
इस अवसर पर काव्य गोष्ठी में कवियों रचनाकारों ने प्रतिनिधि कविताएं प्रस्तुत की । श्री विजय अग्निहोत्री ने कविता ‘‘अचंभित है सृष्टी चातक की देख भाव भंगिमा’’, वरिष्ठ कवि श्री गोपाल बैरागी ने ‘‘बंदर के हाथ में तलवार, सारा शहर खतरे में’’ श्रीमती हेमा भावसार ने ‘मन में उठता एक सवाल’‘, साहित्यकार श्री नंदकिशोर नादान ने शरद पूर्णिमा पर कृष्ण गोपियों के रास का मालवी गीत ‘‘रास रचावा ने आओ सांवरिया पूनम की है रात रे’’, लेखक श्री अजय डांगी ने ‘‘सारे घर को सम्हालती है, अपने दुखों को टालती है’’, फिल्मकार एवं लेखक श्री मनीष मनी शामगढ़ वाला ने ‘‘आंगन सुना-सुना है, चौखट रूठी सी क्यूं है’’, उभरते कवि श्री युवराज सिंह ने ‘‘ आदि से अनादि और अंत से अनंत शब्द क्या करेंगे व्यक्त’’, गीतकार श्री श्याम सुंदर वर्मा ने ‘‘जब तक कविता में राम रहेंगे, वाल्मीकि आप महान रहेंगे’’, कवि श्री कलीम शाह ने ‘‘ वो शख्स बदलकर इतिहास हो गया, तपस्या से वाल्मीकि महान हो गया’’, कवि श्री दिनेश बैरागी ने ‘‘तुम समझना माता यशोदा के नंदलाल’’, लेखक एवं गीतकार श्री महेश त्रिवेदी ने ‘‘वो चांदनी ही है हे चांद जो बनाती है तुम्हें खास, श्रीमती चंदा डांगी ने ‘‘वाह-वाह क्या गजब हो गया, संस्कार जाने कहां खो गया’’, शिक्षाविद एवं गीतकार श्री हिमांशु वर्मा ने ‘‘आं झूमे नाचे गाये, आज मस्ती भरा दिन है’’, शिक्षाविद श्री अजीजुल्लाह खान ख़ालिद ने ‘‘बच्चे सब चले गये तो छोटा सा घर भी अब बड़ा लगता है’’, गीतकार श्री नरेन्द्र सिंह राणावत ने ‘‘गीत गुनगुनाओं ओ मीत, दीप जल उठे’’, गजलकार श्री बाबूभाई सिंघल ने गजल ‘‘ये दिन फिदा है तुम पे, एहसास कीजिए, फिर एक बार हमसे मुलाकात कीजिए, सुनाई संस्कृत विद्वान श्री गोपाल पाण्डे ने वाल्मीकि ऋषि के क्रोंच वध की वेदना से उपजे प्रथम श्लोक का संस्कृृत में वाचन करते हुए अपना सम्पूर्ण उद्बोधन संस्कृत में दिया जिस पर सभी ने हर्ष व्यक्त किया। गायक श्री राजकुमार अग्रवाल व गायक श्री मनीष कनोदिया ने गीत प्रस्तुत किये। इस मौके पर साहित्य परिषद उपाध्यक्ष एवं जन परिषद संस्था सचिव श्री नरेन्द्र त्रिवेदी सूत्रधार का जन्मदिन उत्साह से मनाया गया सभी ने पुष्पमाला पहनाकर शुभकामना दी।
संचालन करते हुए नरेन्द्र भावसार ने गीत ‘‘आओ पास बैठो दो घड़ी, बात करें मन की’’ प्रस्तुत किया व आभार मानते हुए नरेन्द्र त्रिवेदी गीत ‘‘मेरा चांद मुझे आया है नजर’’ गाया।
शरद पूर्णिमा, वाल्मीकि जयंती अवसर पर सम्पन्न काव्य गोष्ठी में वाल्मीकि समाज प्रमुख श्री राजाराम तंवर का स्वागत सम्मान किया गया ।
Tags:
साहित्यिक समाचार
