संत का आगमन बसंत के आने जैसा, जो संस्कृति को मुस्कुराना सिखाता है : आर्यिका भावनामति माताजी
कावेरी इस्टेट स्थित आदिनाथ मंदिर के संत निवास में आर्यिका प्रमुख भावनामति माताजी के प्रवचन
इटारसी। कावेरी इस्टेट स्थित श्री आदिनाथ मंदिर के संत निवास में जैन आर्यिका संघ प्रमुख परम पूज्य आर्यिका श्री 105 भावनामति माताजी ने अपने प्रवचनों में धर्म, संतों के महत्व और जीवन की सार्थकता पर प्रकाश डाला।
माताजी ने कहा कि संसार में अनेक वस्तुएं शरीर को शीतलता प्रदान करती हैं। जैसे कानों को शीतलता देने वाली मधुर वाणी, आंखों को शीतलता देने वाले सुंदर दृश्य, गंगाजल, चंदन का लेप और आषाढ़ मास में पहली वर्षा की बूंदें मन को ठंडक पहुंचाती हैं। लेकिन इन सबसे बढ़कर जिनेन्द्र वाणी है, जो संसार के ताप और मनुष्य के भीतर की अशांति को मिटाने की क्षमता रखती है।
उन्होंने कहा कि संत का आगमन बसंत के आगमन जैसा होता है। बसंत आता है तो प्रकृति मुस्कुराती है और संत आते हैं तो संस्कृति मुस्कुराती है। संत सोए हुए को जगा देते हैं, जागे हुए मनुष्य को खड़ा कर देते हैं और खड़े हुए मनुष्य में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। सूखे वृक्षों को हरा-भरा करना बसंत का काम है, जबकि गिरे हुए मनुष्य को फिर से खड़ा करना संत का काम है।
माताजी ने धर्म की व्याख्या करते हुए कहा कि धर्म व्यक्ति को सम्यक दृष्टि प्रदान करता है। वह दूध का दूध और पानी का पानी करने की विवेकपूर्ण दृष्टि देता है। धर्म अभय है, वह कभी भयभीत नहीं करता। धर्म केवल कंठी-माला पहनने, मंदिर-मस्जिद जाने अथवा मंदिर में पूजा करने तक सीमित नहीं है। धर्म का वास्तविक स्वरूप क्षमा, सहिष्णुता और आस्था की श्रेष्ठता में निहित है। धर्म प्रदर्शन की नहीं, बल्कि आत्मदर्शन की वस्तु है।
उन्होंने कहा कि यदि धर्म केवल जीवन में बोला जाए तो वह बोझ बन जाता है, लेकिन जब उसे आचरण में उतारा जाता है, तभी वह जीवन को सार्थक बनाता है। दूसरों के साथ वैसा ही व्यवहार करना, जैसा हम अपने लिए दूसरों से चाहते हैं, यही धर्म का वास्तविक स्वरूप है।
संसार एक निश्चित अवधि का रिजर्वेशन है
माताजी ने संसार की तुलना रेलयात्रा से करते हुए कहा कि संसार एक रिजर्वेशन की तरह है। किसी का रिजर्वेशन 30 वर्ष का है तो किसी का 50 वर्ष का। प्रत्येक व्यक्ति का अपना-अपना समय निर्धारित है। रिजर्वेशन की अवधि पूरी होते ही यात्री को ट्रेन छोड़नी पड़ती है, उसी प्रकार एक दिन प्रत्येक जीव को संसार छोड़कर जाना है।
उन्होंने कहा कि जब तक आपका रिजर्वेशन है, तब तक कोई आपका बाल भी बांका नहीं कर सकता। सच तो यह है कि मनुष्य मृत्यु को टाल नहीं सकता, लेकिन अपने जीवन को अवश्य सुधार सकता है। जीवन को सुधारने का प्रयास ही मृत्यु को सार्थक बनाने की दिशा में पहला कदम है। जीवन की यात्रा में भी मनुष्य को अपने कर्मों और आचरण के प्रति सजग रहना चाहिए। जीवन की अवधि निश्चित है, इसलिए इस अनमोल समय का सदुपयोग धर्म, सदाचार और आत्मकल्याण में करना चाहिए।
Tags:
समाचार
