ad

अखंड सुहाग का चांद और करवा - डॉ हंसा व्यास प्राध्यापक इतिहास शासकीय नर्मदा महाविद्यालय नर्मदापुरम


अखंड सुहाग का चांद और करवा 

 - डॉ हंसा व्यास प्राध्यापक इतिहास 

शासकीय नर्मदा महाविद्यालय नर्मदापुरम।

भारत की सांस्कृतिक रचना कुछ ऐसी है कि यहां का प्रतिदिन एक व्रत और उपवास है और प्रत्येक तिथि पर्व और उत्सव है। दरअसल व्रत का पहला नियम ही संकल्प लेना है। शास्त्र कहते हैं संकल्प से ही सिद्धी का मार्ग फलीभूत होता है। जब संकल्प के साथ ईश्वर की आराधना की जाती है तब यही कर्म व्रत बन जाता है। 

करवा चौथ केवल एक व्रत नहीं है , वह सम्पूर्ण भारतीय संस्कृति का प्रतिनिधित्व करता है। वह भारत वर्ष का धार्मिक-सांस्कृतिक और सामाजिक अनुष्ठान है। चांद और करवे में अखंड सुहाग की कामना निहित है। यह व्रत केवल उपवास नहीं है , यह साधना और अनुशासन का तप है , यह संयम एवं अनुशासन का अध्यात्म है । भारतीय धर्म शास्त्रों में व्रत -उपवास तपस्या के मार्ग हैं। और तप के इन मार्गों का रास्ता इंद्रियों के संयम से होकर गुजरता है।

अनेक प्रकार के व्रतों में सर्वप्रथम वेद के द्वारा प्रतिपादित अग्नि की उपासना रूपी व्रत देखने में आता है। इस उपासना के पूर्व विधानपूर्वक अग्निपरिग्रह आवश्यक होता है। ब्राह्मणग्रंथों के आधार पर देवता सर्वदा सत्यशील होते हैं। यह लक्षण अपने त्रिगुणात्मक स्वभाव से पराधीन मानव में घटित नहीं होता। इसीलिए देवता मानव से सर्वदा परोक्ष रहना पसंद करते हैं। व्रत के परिग्रह के समय उपासक अपने आराध्य अग्निदेव से करबद्ध प्रार्थना करता है- "मैं नियमपूर्वक व्रत का आचरण करुँगा, मिथ्या को छोड़कर सर्वदा सत्य का पालन करूँगा।" इस उपर्युक्त अर्थ के प्रतीक वैदिक मंत्र का उच्चारण कर वह अग्नि में समिधा की आहुति करता है। उस दिन वह अहोरात्र में केवल एक बार हविष्यान्न का भोजन, तृण से आच्छादित भूमि पर रात्रि में शयन और अखंड ब्रह्मचर्य का पालन करते हुए समस्त आवश्यक नियमों का पालन करता है।

कुछ समय के पश्चात् वही उपासक जब सोमयज्ञ का अनुष्ठान प्रारंभ करता है तो उसके लिए अत्यंत कठोर व्रत और नियमों का पालन करना अनिवार्य हो जाता है। यज्ञ के प्रारंभ में याज्ञीय दीक्षा लेते ही उसे व्रत और नियमों के पालन करने का आदेश श्रौत सूत्र देते हैं। यज्ञ के उन दिनों में सपत्नीक उस उपासक को आहार के निमित्त केवल गोदुग्ध दिया जाता है। यह भी यथेष्ट मात्रा में नहीं अपितु प्रथम दिन एक गौ के स्तन से, दूसरे दिन दो स्तनों से और तीसरे दिन तीन स्तनों से जितना भी प्राप्त हो उतना ही दूध पीने की शास्त्र आज्ञा देता है। उसी दूध में से आधा उसको ओर आधा उसकी धर्मपत्नी को दिया जाता है। यही उन दोनों के लिए आहार होता है। शास्त्रकारों ने इस दुग्धाहार को ही व्रत संज्ञा कहा है। 

इतिहास जब वैदिक काल से निकलकर आगे बढ़ता है तो अपेक्षाकृत पौराणिक युग में अधिक व्रत देखने में आते हैं। उस काल में व्रत के प्रकार अनेक हो जाते हैं। व्रत के समय व्यवहार में लाए जानेवाले नियमों की कठोरता भी कम हो जाती है तथा नियमों में अनेक प्रकार के विकल्प भी देखने में आते हैं। उदाहरण रूप में जहाँ एकादशी के दिन उपवास करने का विधान है, वहीं विकल्प में लघु फलाहार और वह भी संभव न हो तो फिर एक बार अन्नाहार करने तक का विधान शास्त्रसम्मत देखा जाता है। इसी प्रकार किसी भी व्रत के नियमों का पालन करने के लिए  समयानुसार व्यवहार अपेक्षित है। "वसंते ब्राह्मणोऽग्नी नादधीत" अर्थात् वसंत ऋतु में ब्राह्मण अग्निपरिग्रह व्रत का प्रारंभ करे, इस श्रुति के अनुसार जिस प्रकार वसंत ऋतु में अग्निपरिग्रह व्रत के प्रारंभ करने का विधान है वैसे ही चांद्रायण आदि व्रतों के आचरण के निमित्त वर्ष, अयन, ऋतु, मास, पक्ष, तिथि, वार, नक्षत्र, योग और करण तक का विधान है। पौराणिक युग में तिथि पर आधारित व्रतों की अधिकता है। ऐसा ही तिथि पर आधारित कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को अखंड सुहाग की कामना के उद्देश्य से किया गया व्रत है करवा चतुर्थी है ।

अपने आपको जानने समझने और महसूस करने का जरिया है आत्म तत्व ,आत्मा ,मूल्य चेतना , नैतिकता,ईमानदारी ,भरोसा ,प्रेम ,सेवा , त्याग और सत्य । इनके व्यक्तित्व से ही व्यक्ति स्वयं से स्वयं की पहचान कर सकता है । यही वह करवे पर प्रज्वलित दीपक है जो व्यक्ति के अन्त: करण को  ज्ञान के प्रकाश से भर देता है । यही वह अखंड ज्योति है जो मानवीय रिश्तों को एक दूसरे के करीब लाती है । स्वयं के गुणों की विशेषताओं से  परिचित होना भी एक प्रकार से ज्ञान की रोशनी ही मानी जायेगी । ज्ञान एक दर्पण है जिसमें मनुष्य अपने आपको देखकर अपने अस्तित्व की पहचान कर सकता है ।  मनुष्य के मन में चेतना और विवेक निरंतर विद्यमान रहता है । आत्म चिंतन से ही आत्म तत्व का ज्ञान संभव है । मनुष्य समर्थ और बुध्दि बल की अपरिमित क्षमता का वाहक है । वह चेतना से ग्रहण करता है और विवेक और बुध्दि द्वारा उसका उपयोग करता है । मनुष्य की चेतना ही वह अनमोल अवस्था है जो मुक्ति के लिए प्रयास करती है । 

जल से भरा मिट्टी का करवा और उस पर रखा दीपक जीवन का वह दर्शन है जिसमें चेतना का अध्यात्मिक भाव हमारी दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है । अनचाहे विचारों से, ग्रंथियों से , कुण्ठाओं से , तनावों से , संवेदनाओं से, संताप और व्यथा से मुक्ति की कामना के लिए मनुष्य अपनी अंतिम सांस तक प्रयास करता है । यथार्थ के धरातल पर ये सब प्रकार की मुक्ति की कामनाएं ही तो मन को ,आत्मा को दबाए रहती हैं और इन सबसे  वैचारिक मुक्ति ही वास्तविक मुक्ति है । 

दरअसल भारतीय संस्कृति में इन सबसे मुक्ति का मार्ग व्रत - उपवास अर्थात तपस्या से होकर गुजरता है। मनुष्य अपने सम्पूर्ण जीवन में यह खोज ही नहीं पाता कि उसका आत्मिक आनंद कहां और किस तरह की भाव - स्थितियों में रचा - बसा है । जिस दिन वह उन पलों को खोज लेगा कि वह कब आनंदित है और किन पलों में दुखी हैं तो उसको आत्म ज्ञान और आत्म परिचय की अवस्था मिल सकेगी । व्रत रूपी दीपक का यही दिव्य प्रकाश है । यही ज्ञान की रोशनी है । यही  आत्म सत्य है और यही आत्म चेतना है । यही जल से भरे मिट्टी के करवे का और दीप के प्रकाश का अखण्ड सुहाग है । जिसकी कामना के साथ भारत की धरती पर भारतीय नारी करवा चतुर्थी का व्रत पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ करती है। 

इस व्रत को महत्वपूर्ण बनाती हैं दो बातें। छलनी में प्रज्वलित दीपक की रोशनी में चंद्र दर्शन और दूसरा मिट्टी के करवे से जल पीकर व्रत खोलना। चांद, मिट्टी, दीपक, प्रकाश सब कुछ प्रकृति के वे महत्वपूर्ण तत्व हैं जिनके बिना जीवन के अस्तित्व की कल्पना ही नहीं की जा सकती है। ।

 - डॉ हंसा व्यास प्राध्यापक इतिहास 

शासकीय नर्मदा महाविद्यालय नर्मदापुरम।


देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post