यादव (यदुवंशी) क्षत्रिय समाज का पाँचवाँ निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन 20 अप्रैल को सोनतलाई में
इटारसी/नर्मदापुरम । यादव (यदुवंशी) क्षत्रिय समाज द्वारा सामाजिक समरसता और सादगीपूर्ण विवाह परंपरा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पाँचवाँ निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन 20 अप्रैल 2026, सोमवार को ग्राम सोनतलाई, तहसील इटारसी, जिला नर्मदापुरम (होशंगाबाद) में संपन्न होगा। सम्मेलन का शुभ मुहूर्त शुक्ल पक्ष तृतीया को प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन में समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों का विधि-विधान से वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न कराया जाएगा। विवाह सम्मेलन पूर्णतः निःशुल्क रहेगा, जिसमें वर-वधू के लिए विवाह मंच, पंडित, पूजन सामग्री, भोजन व्यवस्था सहित आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, सम्मेलन स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
सम्मेलन में भाग लेने वाले जोड़ों के लिए जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, समग्र आईडी, बैंक पासबुक, राशन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र एवं दो-दो फोटो अनिवार्य बताए गए हैं। आयोजन समिति द्वारा यह भी अपील की गई है कि इच्छुक वर-वधू सम्मेलन से कम से कम 10 दिन पूर्व अपना पंजीयन करवा लें, जिससे व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से पूरा किया जा सके।
आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि यह सम्मेलन सामाजिक सौहार्द और सादगीपूर्ण विवाह की मिसाल बनेगा। कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत दिखावेबाजी या बाहरी हस्तक्षेप को स्थान नहीं दिया जाएगा। यह सम्मेलन समाज के सभी स्वजातीय बंधुओं एवं देशवासियों के सहयोग से सफल बनाने का आह्वान किया गया है।
इस निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन यादव (यदुवंशी) क्षत्रिय समाज जिला नर्मदापुरम, जिला संरक्षण समिति एवं क्षेत्रीय समितियों के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजकों ने समाज के अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता कर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।
.jpg)
