काव्य :
'शिक्षा'
कुण्डलिया छन्द;
शिक्षा से बढ़कर नहीं, कोई खुशी महान।
शिक्षा के अय शस्त्र से,जीतो सकल जहान।
जीतो सकल जहान, शक्ति शिक्षा की पाकर,
बांटो जग को ज्ञान, सदगुणों को अपनाकर।
दीपक पाओ मान,कराकर पावन दीक्षा।
पाओ सुख आह्लाद, बढ़ाकर अपनी शिक्षा।
शिक्षा से बढ़कर नहीं, कोई भी अभिमान,
शिक्षा से मिलते हमें, जीवन के अरमान।
जीवन के अरमान, उच्च शिक्षा से पलते।
खुशियों के भंडार, सदा नूतन फिर फलते।
दीपक उर अँधियार, भाग जाता खुद डरकर।
खिलता नव्य प्रकाश,पुंज शिक्षा से बढ़कर।
शिक्षा से बढ़कर नहीं,होता कोई रत्न।
हासिल करिए तुम इसे, करके भरसक यत्न।
करके भरसक यत्न,प्राप्त करिए तुम शिक्षा।
इस सम नहीं महान,किसी की कोई दीक्षा।
'दीपक' यह है यान, छुओ नभ इसमें चढ़कर।
बड़ा न कोई मान,बीज शिक्षा से बढ़कर।
- रजनीश मिश्र 'दीपक' खुटार शाहजहांपुर उप्र

