ad

व्याख्यान : सामना हिंदी के संपादक अनिल तिवारी ने बताई बदलती पत्रकारिता और उसकी चुनौतियां


 मिशन से कमीशन तक पहुंची पत्रकारिता

व्याख्यान : सामना हिंदी के संपादक अनिल तिवारी ने बताई बदलती पत्रकारिता और उसकी चुनौतियां 

आईकॉम सेंटर पर शहर के वरिष्ठ पत्रकारों ने किया नागरिक अभिनंदन, साझा किया अनुभव 

ग्वालियर। आजादी से पूर्व पत्रकारिता एक मिशन हुआ करती थी। स्वतंत्रता के बाद फैशन बनी और  मौजूदा परिवेश में कमीशन तक पहुंच गई है पत्रकारिता। यह कहना था मुंबई के प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र “सामना“ के कार्यकारी संपादक अनिल तिवारी का। 

इंटरनेशनल सेंटर ऑफ मीडिया एक्सीलेंस (आईकॉम) पर “एआई के दौर में बदलती पत्रकारिता और उसकी चुनौतियां“ विषय पर आयोजित व्याखान में मुख्यवक्ता के तौर बोलते हुए यह बात कही। 

सेंटर डायरेक्टर डॉ. केशव पाण्डेय ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि सामना जैसे समाचार-पत्र पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम बढ़ाने वाले युवाओं को समझना और जानना होगा कि आधुनिक परिवेश की पत्रकारिता में आने वाली चुनौतियां क्या हैं और उनसे कैसे पार पाया जा सकता है? कार्यक्रम का संचालन प्रतिभा दुबे ने तथा आभार व्यक्त संपादक विजय पाण्डेय ने किया। 

एआई का करें बेहतर इस्तेमाल 

मुख्य वक्ता तिवारी ने कहा कि पत्रकारिता में आज कई बड़ी चुनौतिया हैं। तकनीक के बढ़ते प्रभाव से काम आसान हुआ है। जिस स्टोरी को बनाने में तीन घंटे लगते थे उसे एआई तीन मिनट में बना कर देता है, तो सोचिए हमारा स्थान कहां हैं? ऐसे में जरूरी हो जाता है कि एआई को टूल के रूप में इस्तेमाल करें न कि उससे प्रतिस्पर्धा। जिससे कि समय के साथ होने वाले बदलाव को अवसरों में बदला जा सके। हमें तकनीक को अपने से आगे नहीं होने देना है। तभी हम टिक पाएंगे। 

डिजिटल युग में आज कट और पेस्ट का जमाना है। सबकुछ एक क्लिक पर मौजूद है लेकिन आज का युवा आज में जी रहा है न वह भविष्य को देख रहा है और न हीं भूत को। पत्रकार एक आम आदमी होता है लेकिन उसके देखने, सोचने और लिखने का नजरिया ही उसे खास बनाता है। इसलिए समय के साथ अपने को बदलें और अपडेट होते रहें, नहीं तो वक्त के साथ पिछड़ जाएंगे। 

पत्रकारों ने किया सम्मानित 

व्याख्यान के बाद सर्व प्रथम सांध्य समाचार के प्रधान संपादक डॉ. केशव पाण्डेय ने शॉल, श्रीफल और स्मृति चिंह भेंट कर तिवारी का नागरिक अभिनंदन किया। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार रामबाबू कटारे, सुरेश शर्मा, राजेश शर्मा, देव श्रीमाली, प्रमोद भार्गव, प्रवीण दुबे, विजय पाराशर, जावेद खान, नासिर गौरी, विजय पाण्डेय, हरीश पंवार, राजेंद्र मुदगल, पीडी पाण्डेय, बबलू भोसले, राजेश अवस्थी, मंजू सोनी, जितेंद्र जादौन, आशीष मिश्रा, एवं विनोद शर्मा सहित अनेक पत्रकारों ने भी उनका सम्मान किया।

प्रेषक: मुकेश तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार

ग्वालियर

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post