ad

बसंत पंचमी पर शासकीय कन्या महाविद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती भी मनाई गई


 

बसंत पंचमी पर शासकीय कन्या महाविद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती भी मनाई गई

इटारसी । शासकीय कन्या महाविद्यालय, इटारसी में विद्या, बुद्धि एवं कला की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की आराधना का पावन पर्व बसंत पंचमी हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर संपूर्ण रूप से भक्तिमय एवं उत्सवमय वातावरण में परिवर्तित हो गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मां सरस्वती की मनमोहक झांकी रही, जिसमें छात्रा दिव्या भार्गव ने मां सरस्वती का सजीव एवं आकर्षक रूप धारण कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया तथा वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इस अवसर पर मां सरस्वती की विधिवत पूजा एवं आराधना महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, स्टाफ एवं छात्राओं द्वारा सामूहिक रूप से की गई। कार्यक्रम का सुचारु, गरिमामय एवं प्रभावशाली संचालन तरुणा तिवारी एवं करिश्मा कश्यप द्वारा किया गया। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का निर्देशन एवं मंच सज्जा प्रिया कलोसिया एवं मंथन दुबे द्वारा की गई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि बसंत पंचमी विद्या, संस्कार एवं सृजनशीलता का पर्व है, जो छात्राओं को ज्ञानार्जन एवं आत्मविकास के लिए प्रेरित करता है। आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. हरप्रीत रंधावा ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आयोजन छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम संयोजक डॉ. शिरीष परसाई ने बताया कि मां सरस्वती की आराधना से छात्राओं में ज्ञान, अनुशासन एवं सांस्कृतिक चेतना का विकास होता है, जिससे महाविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण और अधिक सुदृढ़ बनता है।कार्यक्रम संचालक तरुणा तिवारी एवं करिश्मा कश्यप ने संयुक्त रूप से कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं में आत्मविश्वास, मंचीय कौशल एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति से जुड़ाव को भी मजबूत करते हैं।

इसी अवसर पर महाविद्यालय में स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती भी मनाई गई। वक्ताओं ने उनके राष्ट्रप्रेम, त्याग एवं साहसपूर्ण व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समापन सामूहिक वंदना एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post