लघुकथा :
"रिश्ते का नाम"
"देखिए इनका आपरेशन होना है, कुछ भी हो सकता है, ये फार्म भर दीजिए।" नर्स ने कैंसर से पीड़ित रिया के साथ आए युवक आरव से कहा।
परेशान आरव फार्म भरने लगा और एक जगह उसके हाथ ठिठक गए। लिखा था मरीज से आपका संबंध। अब वह सोच में पड़ गया कि क्या लिखें? क्योंकि वह तो रिया के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।
उसे विचारमग्न देखकर नर्स ने कहा - "जरा जल्दी कीजिए ।" फिर रिया की ओर देखकर पूछा- "ये आपके कौन हैं, क्योंकि ये फार्म आपका कोई निकट संबंधी ही भर सकता है ।"
रिया और आरव की नज़रें मिली, दोनों के ही चेहरे पर परेशानी के भाव थे। आज तक दोनों ही विवाह को नकारते आए थे। अब उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि अपने रिश्ते को कौन-सा नाम दें। आज उन्हें विवाह का महत्व समझ आ रहा था।
- हेमलता शर्मा भोली बेन
इंदौर मध्यप्रदेश
.jpg)
