मंदसौर के बालागंज स्टेडियम शॉपिंग कॉम्पलेक्स दुकानदार जून माह के अंत तक सभी अपनी दुकानें संचालित करें अन्यथा अन्य को आवंटित किया जाएगा - कलेक्टर श्रीमती गर्ग
बालागंज स्टेडियम शॉपिंग कॉम्पलेक्स में में सुरक्षा, सीसीटीवी एवं मरम्मत कार्यों के दिए निर्देश
मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट
मंदसौर । कोई दो दशकों बाद प्रशासन पुलिस ओर नगरपालिका एवं जनप्रतिनिधियों के संयुक्त हस्तक्षेप बाद खाली कराए गए बालागंज स्टेडियम शॉपिंग कॉम्पलेक्स में व्यापारिक गतिविधियों को शीघ्र चालू करने हेतु बात आगे बढ़ी है और गुरुवार को कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना की अध्यक्षता में पुलिस कंट्रोल रूम में बालागंज स्टेडियम के दुकानदारों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्टेडियम परिसर की दुकानों के संचालन, सुरक्षा व्यवस्था तथा आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने निर्देश दिए कि जून माह के अंत तक सभी आवंटित दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों का संचालन व्यवस्थित रूप से प्रारंभ करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो दुकानदार निर्धारित समय सीमा तक दुकान संचालित नहीं करेंगे, उनकी दुकानों के संबंध में 1 जुलाई से अन्य पात्र दुकानदारों को आवंटन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
कलेक्टर ने दुकानदारों को सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु सिक्योरिटी एजेंसी के माध्यम से सुरक्षा गार्ड तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही समूचे परिसर के सभी कॉरिडोर में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा दुकानों के अंदर आवश्यक मरम्मत एवं रंग-रोगन का कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा। दुकानों के बाहरी हिस्से एवं छत की मरम्मत का कार्य शिक्षा विभाग द्वारा कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी दुकानदार बिना किसी भय या संकोच के अपना व्यवसाय संचालित करें। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन उनके साथ है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
बैठक में दुकानदारों को एक समूह एवं समिति बनाकर सामूहिक रूप से कार्य करने, परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने तथा अपनी संपत्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्वयं निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कलेक्टर ने कहा कि सक्रिय समिति के माध्यम से परिसर के विकास एवं संचालन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
बैठक में यह भी बताया गया कि बालागंज स्टेडियम परिसर में फूड जोन विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। शिक्षा विभाग को दुकानदारों के बही-खातों के संधारण हेतु चार्टर्ड अकाउंटेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उल्लेखनीय है कि बालागंज स्टेडियम शॉपिंग कॉम्पलेक्स परिसर में कुल 76 दुकानें निर्मित हैं, जिनमें से वर्तमान में 59 दुकानें आवंटित हैं, जबकि शेष 17 दुकानों की नीलामी की जाना प्रस्तावित है।
इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी एस बघेल एसडीएम शिवलाल शाक्य, सीएसपी जितेन्द्र सिंह भास्कर शिक्षा अधिकारी लोकेंद्र डाबी एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे ।
यहां दो दशकों से साठिया समुदाय ने अतिक्रमण कर लिया कच्चे पक्के निर्माण कर रहने लगे थे इसके विरोध में नागरिकों व्यापारियों ने प्रदर्शन किया और प्रशासन पुलिस ओर जनप्रतिनिधियों को तत्काल राहत देने ओर मार्केट अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की । पहले प्रयास किया गया पर मुक्त नहीं हुआ इस मामले को विधानसभा में विधायक विपिन जैन ने उठाया और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आश्वस्त किया था उसके बाद राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर विधायक विपिन जैन नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रमा देवी गुर्जर कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना एवं वरिष्ठ नेताओं अधिकारियों ने संयुक्त प्रयास किया और साठिया समुदाय के लोगों को अन्यत्र शिफ़्ट कर बुनियादी सुविधाओं को उपलब्ध कराया। इसके बाद छोटा मोटा दखलंदाजी होती रही पुलिस टीम ने नियंत्रण किया और अब प्रशासन ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया है कि व्यवसाय शुरू करें सुरक्षा व्यवस्था ठीक करेंगे ।
.jpg)
