ad

युवाओं ने लिया प्रकृति को बचाने का संकल्प, पोस्टर प्रतियोगिता में माही शर्मा प्रथम


 

युवाओं ने लिया प्रकृति को बचाने का संकल्प, पोस्टर प्रतियोगिता में माही शर्मा प्रथम

सीहोर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की स्वायत्तशासी संस्था माय भारत सीहोर द्वारा हिताय यूथ क्लब के सहयोग से विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। उपनिदेशक निक्की राठौर के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम जनमानस में प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का भाव जागृत करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस परिसर में पौधारोपण के साथ किया गया। इस दौरान उपस्थित युवाओं और अतिथियों ने पौधे लगाकर उनके आजीवन संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रोहिताश्व शर्मा ने उपस्थित जनों को संबोधित किया। अपने सारगर्भित उद्बोधन में उन्होंने जल, भूमि और वृक्षों के संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी मांग बताते हुए कहा कि मानव जाति के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर चलना अत्यंत आवश्यक है।

पर्यावरण संरक्षण के इस महत्वपूर्ण संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए युवाओं ने परिसर में मनमोहक और आकर्षक रंगोली सजाई। इसके साथ ही, विद्यार्थियों के बीच एक पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भारी उत्साह के साथ अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया और रंगों के माध्यम से पर्यावरण बचाने की अपील की। पोस्टर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए माही शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, करिश्मा ने द्वितीय और नंदिनी वर्मा ने तृतीय स्थान हासिल कर अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा पोस्टर प्रतियोगिता के सभी विजेता प्रतिभागियों को उनकी शानदार प्रस्तुति के लिए ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, युवाओं का उत्साहवर्धन करने हेतु सभी सहभागी छात्र-छात्राओं को सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के अंत में हिताय संस्था के प्रतिनिधि श्री उमेश पंसारी ने इस सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय प्रबंधन, अतिथियों और सभी प्रतिभागियों का औपचारिक रूप से आभार व्यक्त किया। साथ ही, प्राचार्य डॉ. रोहिताश्व शर्मा को सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट कर कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया।

निक्की राठौर
उपनिदेशक, माय भारत, सीहोर
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय,
भारत सरकार



देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post