ad

‘एक आंगन’ कार्यक्रम में आंगनवाड़ी पहुंचे विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा


‘एक आंगन’ कार्यक्रम में आंगनवाड़ी पहुंचे विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा

बच्चों को बांटे उपहार, महिला सामाजिक कार्यकर्ताओं का किया सम्मान

इटारसी। आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित ‘एक आंगन’ कार्यक्रम में विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ठाकुर तथा पार्षद मंजीत कलोसिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, संस्कार और प्रारंभिक शिक्षा की मजबूत नींव हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शासन की योजनाओं के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने अपने उद्बोधन में कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों को सुविधायुक्त बनाने तथा बच्चों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका द्वारा हरसंभव सहयोग किया जाएगा। बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण से जुड़ी गतिविधियों में जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों की भागीदारी से सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ठाकुर ने बताया कि इटारसी शहर के वार्ड क्रमांक 12, 13 और 14 ऐसे आदर्श वार्ड बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जहां सभी आंगनवाड़ी केंद्र अपने स्वयं के भवनों में संचालित होंगे। विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा की विधायक निधि से निर्मित एक आंगनवाड़ी भवन का शीघ्र लोकार्पण किया जाएगा, जबकि दो अन्य नवनिर्मित आंगनवाड़ी भवनों का लोकार्पण नए वर्ष में प्रस्तावित है। इससे बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित एवं सुविधायुक्त वातावरण में योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा एवं अन्य अतिथियों ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें उपहार वितरित किए। विधायक डॉ. शर्मा द्वारा सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय श्रीमती अंजू पटेल, श्रीमती शशि योना, सारिका ठाकुर, श्रीमती मालती मौर्य, श्रीमती सविता मालवीय तथा श्रीमती जया मीना का स्वागत एवं सम्मान किया गया। उन्होंने समाजसेवा में महिलाओं के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में सकारात्मक परिवर्तन और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलती है।

कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी योगेश घागरे, सुपरवाइजर श्रीमती राखी मौर्य, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पूजा गौर, रेखा मालवीय, ज्योति मड़ैया, सीमा, सोनिया एवं अर्चना साहू तथा सहायिका उषा रैकवार, आशा पारोची, तमीजा बेगम, अंजू शुक्ला एवं अंजलि गोठे सहित स्थानीय महिलाएं, बच्चे और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में परियोजना अधिकारी योगेश घागरे ने विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे सहित सभी अतिथियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post