पर्युषण पर्व पर निकली भव्य विमानयात्रा, श्रावकों ने की तीर्थंकर भगवान की आराधना
इटारसी। पर्युषण पर्व के अवसर पर जैन समाज ने आर्यिका संघ के सान्निध्य में दशलक्षण धर्म की आराधना करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से भव्य विमानयात्रा निकाली। विमानयात्रा में श्री नेमिनाथ मंदिर एवं श्री पार्श्वनाथ मंदिर के विमान शामिल रहे।
दोपहर में विमानयात्रा सातवीं लाइन स्थित श्री नेमिनाथ मंदिर से प्रारंभ होकर दूसरी लाइन स्थित श्री पार्श्वनाथ मंदिर पहुंची। यात्रा में सबसे आगे बच्चे धर्म पताका लेकर चल रहे थे। महिला-पुरुष श्रद्धालु सफेद परिधान में शामिल हुए। विशेष बात यह रही कि श्रद्धालुओं ने यात्रा के दौरान जूते-चप्पल नहीं पहने और श्रद्धाभाव के साथ भगवान की आराधना की।
विमानयात्रा लाइन एरिया से महात्मा गांधी मार्ग, नीमवाड़ा, जयस्तंभ चौक, जवाहर बाजार, द्वारकाधीश मंदिर एवं सराफा बाजार होते हुए वापस मंदिर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने विमान में विराजमान तीर्थंकर भगवान की आरती उतारी और श्रीफल अर्पित कर श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर दोनों मंदिरों में भगवान का अभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना की गई। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में भक्ति और उत्साह का वातावरण रहा।
क्षमावाणी पर्व पर मांगी क्षमा
पर्युषण पर्व के समापन अवसर पर क्षमावाणी पर्व मनाया गया। समाजजनों ने एक-दूसरे से विगत में हुई भूलों एवं गलतियों के लिए क्षमायाचना की तथा परस्पर क्षमा, मैत्री और सद्भाव का संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने मोबाइल संदेशों एवं व्यक्तिगत रूप से भी एक-दूसरे से क्षमा मांगकर मन में किसी प्रकार का वैर-भाव न रखने का संकल्प लिया।
Tags:
समाचार
