ad

ब्रह्मचर्य व्रत आत्मकल्याण और मोक्ष प्राप्ति का मार्ग : प्रवचन



ब्रह्मचर्य व्रत आत्मकल्याण और मोक्ष प्राप्ति का मार्ग : प्रवचन

आत्मस्वरूप में रमण करना ही सच्चे सुख की प्राप्ति का उपाय

इटारसी। जैन आर्यिका संघ प्रमुख भावनामति माताजी ने कहा कि यदि मनुष्य पंचेंद्रियों के विषय-भोगों का त्याग स्वयं नहीं करता, तो समय आने पर ये भोग स्वयं ही उसका साथ छोड़ देंगे। इसलिए बुद्धिमानी इसी में है कि शरीर की नश्वरता को समझते हुए, उससे ममत्व छोड़कर और विषय-वासना से दूर रहकर ब्रह्मचर्य व्रत धारण किया जाए। 

यहां कावेरी इस्टेट में आदिनाथ मंदिर के संत निवास में उन्होंने कहा कि ब्रह्मचर्य के बिना सच्चे जप-तप की साधना अधूरी है। यह व्रत संसार रूपी सागर से पार लगाने, आत्मकल्याण करने तथा मोक्ष प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त करता है।

ब्रह्मचर्य की महिमा बताते हुए आर्यिका भावनामति ने कहा कि इसके पालन से मनुष्य अपने जीवन को संयमित और पवित्र बना सकता है। ब्रह्मचर्य को स्थिर रखने के लिए टीवी, सिनेमा और विकृत साहित्य जैसी विषय-वासना को बढ़ाने वाली चीजों से दूर रहना चाहिए। विषय-वासनाओं से प्रभावित मन कभी पूर्ण रूप से स्वस्थ और शांत नहीं रह सकता। गृहस्थ जीवन में भी अपनी क्षमता और परिस्थितियों के अनुसार अधिक से अधिक समय तक ब्रह्मचर्य व्रत का पालन करने का प्रयास करना चाहिए।

राग और कषाय का त्याग ही सच्चे सुख का आधार

आर्यिका भावनामति ने कहा कि अनादिकाल से जीव विषयों और कषायों में लिप्त रहा है। आचार्य कुंदकुंद स्वामी द्वारा रचित समयसार का संदेश है कि काम, भोग और बंधन से संबंधित बातें जीव को सहज आकर्षित करती हैं, जबकि आत्मकल्याण, वैराग्य और वीतरागता की बातें कठिन लगती हैं। इसका कारण यह है कि जीव लंबे समय से सांसारिक विषयों में आसक्त रहा है।

उन्होंने समझाया दुनिया में मनुष्य अक्सर अपने अभावों से उतना दुखी नहीं होता, जितना दूसरों की समृद्धि देखकर होता है। 

अपनी आत्मशक्ति को पहचानें

मनुष्य को अपनी ब्रह्मस्वरूप आत्मा पर श्रद्धा रखनी चाहिए और यह समझना चाहिए कि उसके भीतर अनंत गुणों की संपदा विद्यमान है। लोभ, मोह और कषाय मनुष्य के तन-मन को अशांत कर देते हैं। जीवन में उलझनें अनेक हैं, लेकिन सबसे बड़ी उलझन कई बार स्वयं उलझनों में उलझे रहना है। यदि मनुष्य अपने ज्ञान और आनंद स्वरूप आत्मा को पहचान ले, तो अनेक समस्याओं के प्रति उसका दृष्टिकोण बदल सकता है।

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post