दुबई में सजी काव्य संध्या, साहित्यिक सुगंध से महका आयोजन
वरिष्ठ नागरिक काव्य मंच की मिडिल ईस्ट इकाई की मासिक गोष्ठी में देश विदेश के रचनाकारों ने सुनाईं अपनी रचनाएं
दुबई। वरिष्ठ नागरिक काव्य मंच की मिडिल ईस्ट इकाई द्वारा 20 नवंबर 2026 को दुबई में मासिक काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। अनु बाफना के आवास, तिलाल अल फरजान, दुबई में आयोजित इस साहित्यिक संध्या में हिंदी कविता, गीत, गजल और साहित्यिक अभिव्यक्तियों के माध्यम से प्रवासी जीवन की संवेदनाओं और भारतीय सांस्कृतिक चेतना के विविध रंग सुनने को मिले।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती अमृत बिसारिया उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती आरती गोयल लोकेश तथा भोपाल से आए वरिष्ठ साहित्यकार विवेक रंजन श्रीवास्तव जी की गरिमामय सहभागिता रही ।
गोष्ठी की अध्यक्षता एवं कोकिल कंठ सुमधुर संचालन अनु बाफना ने किया ।
मंच के संस्थापक आ. डॉ. नरेश नाज़ के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में दुबई और शारजाह सहित विभिन्न अमीरात के अनेक रचनाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।
काव्य गोष्ठी में आ. देवयानी ओटी रानी, आ. कौशल अवस्थी, आ. सय्यद मसूद नकवी, जी ने अपनी रचनाओं से अत्यंत रोचक सहभागिता की।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण भोपाल से आए विवेक रंजन श्रीवास्तव का काव्य पाठ रहा। उन्होंने अपनी रचना भोपाल से आया हूँ प्रस्तुत करते हुए दुबई और भोपाल के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और साहित्यिक वैभव को काव्यात्मक रूप में प्रस्तुत किया । बुर्ज खलीफा से लेकर भीमबैठका, राजा भोज की शिव साधना, भोपाल की बेगमों की विरासत, बया के स्वर्णिम घोंसले के अद्भुत शिल्प और दुष्यंत कुमार की गजल के संस्कारों को समेटती इस रचना ने दो शहरों और दो संस्कृतियों के बीच आत्मीय सेतु बनाया।
आरती लोकेश जी ने माण्डवी शीर्षक से भरत की पत्नी माण्डवी के जीवन पर अत्यंत रोचक कविता प्रस्तुत की ,जिसे श्रोताओं ने एक नई दृष्टि कहा तथा पसंद किया।
प्रवासी परिवेश में हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति अनुराग को जीवित रखने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विभिन्न देशों और शहरों से जुड़े रचनाकारों का एक मंच पर आना न केवल साहित्यिक संवाद को विस्तार देता है, बल्कि अपनी भाषा, संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहने का अवसर भी प्रदान करता है।
स्नेह, साहित्य और रचनात्मकता से परिपूर्ण इस गोष्ठी ने एक बार फिर यह अनुभूति कराई कि - भौगोलिक दूरियां साहित्य और संवेदनाओं के बीच कभी बाधा नहीं बन सकतीं।
Tags:
साहित्यिक समाचार
