पावागिरि में विमानोत्सव कार्यक्रम के साथ सिद्धचक्र महामंडल विधान का हुआ समापन
कलुषित आत्मा की पवित्रता और पाप कर्मों को नष्ट करने के लिए करते हैं सिद्ध चक्र विधान - मुनि सुव्रतसागर
ज्ञानोदय श्रमण संस्कृति पाठशाला के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सुन्दर बाल मेले का किया आयोजन
ललितपुर। बुंदेलखंड के प्रसिद्ध जैन सिद्ध क्षेत्र पावागिरि की पावन धरा पर अष्टाह्निका महापर्व में आयोजित सिद्ध चक्र महामंडल विधान सानंद संपन्न हुआ। मंगलवार सुबह वात्सल्य मूर्ति बुंदेली संत मुनि सुव्रतसागर महाराज के मंगलमय सानिध्य एवं पं. विनोद कुमार शास्त्री के नेतृत्व में चमत्कारी बाबा मूलनायक पारसनाथ स्वामी की अभिषेक शांतिधारा की गयी। तत्पश्चात विधानाचार्य बाल ब्रह्मचारी अंशू भैया कोलारस के निर्देशन में सिद्धचक्र महामंडल विधान में पूर्णाहूति के साथ विधान का समापन हुआ। विश्वशांति महायज्ञ एवं हवन के बाद विमानोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें श्री जी की गाजेबाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गयी। इस मौक़े पर मुनि सुव्रतसागर महाराज ने कहा कलुषित आत्मा की पवित्रता और पाप कर्मों को नष्ट करने के लिए सिद्धचक्र विधान करते हैं।उन्होंने कहा सिद्ध क्षेत्र पर अष्टाह्निका महापर्व में धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष महत्त्व है, मानव जीवन को सफल बनाने के लिए एक बार सिद्ध चक्र महामंडल विधान अवश्य करें। क्षेत्र प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष विशाल पवा ने बताया की 26 से 28 नवंबर तक तीन दिवसीय वार्षिक मेला का भव्य आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम में क्षेत्र प्रबंध समिति के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन, मंत्री जयकुमार जैन, कोषाध्यक्ष उत्तमचंद जैन, उपाध्यक्ष विशाल जैन, स्नेहलता राजकुमार, मोनिका राहुल जैन नवीन कुमार गुडारे तेजपुरा परिवार सहित निकटवर्ती समाज का सक्रिय सहयोग रहा। संचालन अध्यक्ष ज्ञानचंद बबीना ने किया। आभार व्यक्त मंत्री जयकुमार कन्धारी एवं कोषाध्यक्ष उत्तमचंद बबीना ने किया।
वहीं तालबेहट के वासुपूज्य दिगम्बर जैन मंदिर में ज्ञानोदय श्रमण संस्कृति पाठशाला के नन्हे-मुन्ने बच्चों के द्वारा एक सुन्दर बाल मेले का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों की रचनात्मकता, आपसी सहयोग एवं धार्मिक संस्कारों की भावना के साथ आत्मविश्वास को प्रोत्साहित किया गया। पाठशाला में शिक्षा और संस्कार प्राप्त कर रहे नन्हे बच्चों को शुद्ध सात्विक गुणवत्तापूर्ण पौष्टिक भोजन की दुकाने लगाकर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। जिसमें सकल दिगम्बर जैन समाज के लोगों ने पहुँचकर जायकेदार खाद्य पदार्थो का स्वाद लिया। संचालन शेवी जैन ने किया। अंत में जैन मिलन की अध्यक्ष अलका पवैया ने सभी का आभार व्यक्त किया।
Tags:
समाचार
