दान में धन की मात्रा नहीं, भावना का महत्व होता है : आर्यिका भावनामति माताजी
महावीर भवन में जैन आर्यिका संघ प्रमुख भावनामति माताजी के प्रवचन
इटारसी। महावीर भवन में जैन आर्यिका संघ प्रमुख भावनामति माताजी ने अपने प्रवचन में दान के महत्व पर कहा कि मनुष्य को अपनी सामर्थ्य के अनुसार निरंतर दान करते रहना चाहिए। यह नहीं सोचना चाहिए कि जब बहुत धन-संपत्ति हो जाएगी, तभी दान करेंगे। दान में धन की मात्रा नहीं, बल्कि दान देने वाले की भावना और श्रद्धा का महत्व होता है।
माताजी ने कहा कि मनुष्य की इच्छाएं कभी समाप्त नहीं होतीं। लखपति करोड़पति बनना चाहता है और करोड़पति अरबपति बनने की इच्छा रखता है। धन कितना भी मिल जाए, मनुष्य की तृष्णा शांत नहीं होती। क्या कभी ईंधन डालने से अग्नि तृप्त हुई है? इसलिए धन-संपत्ति बढ़ाने की इच्छा रखने वाले व्यक्ति को दान देते रहना चाहिए। जिस प्रकार कुएं से पानी निकालने पर उसमें नया पानी आता रहता है, उसी प्रकार दान देने से धन की सार्थकता और समृद्धि बढ़ती है।
माताजी ने एक प्रसंग सुनाते हुए बताया कि एक व्यक्ति रास्ते से जा रहा था। उसे एक भूखी कुतिया मिली, जिसने हाल ही में बच्चों को जन्म दिया था। उसकी भूख देखकर उस व्यक्ति ने अपनी चार-छह रोटियां उसे खिला दीं और स्वयं उस दिन भूखा रह गया। उस व्यक्ति ने अपने जीवन में अनेक यज्ञ भी किए थे। बाद में आर्थिक स्थिति खराब होने पर वह अपने यज्ञों का पुण्य राजा को बेचने पहुंचा। राजा ने जब उसके यज्ञों के बारे में पूछा, तब वहां उपस्थित एक जानकार मंत्री ने बताया कि इस व्यक्ति ने एक बार भूखी कुतिया को रोटियां खिलाकर उसके प्राणों की रक्षा की थी। उस करुणापूर्ण कार्य से प्राप्त पुण्य उसके द्वारा किए गए सभी यज्ञों से भी अधिक है।
यह सुनकर व्यक्ति को दान और परोपकार की वास्तविक महत्ता समझ में आई। उसने राजा से कहा कि वह भूखी कुतिया को भोजन कराने से अर्जित पुण्य नहीं बेचेगा, भले ही उसके अन्य सभी यज्ञों का पुण्य खरीद लिया जाए।
माताजी ने कहा कि जिनकी आर्थिक स्थिति सीमित होती है, वे भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान और धर्म करते हैं तो उन्हें महान पुण्य की प्राप्ति होती है। दान छोटा हो या बड़ा, उसका मूल्य दान देने वाले की भावना से निर्धारित होता है। सद्भाव और पवित्र मन से दिया गया थोड़ा-सा दान भी बहुत बड़ा फल प्रदान कर सकता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी शक्ति के अनुसार निरंतर दान करते रहना चाहिए।
Tags:
समाचार
