ad

बाल कहानी :चैंपियन - विवेक रंजन श्रीवास्तव


बाल कहानी :

चैंपियन

   छोटू को मोबाइल पर वीडियो गेम खेलने का बड़ा शौक था। स्कूल से लौटते ही वह बस्ता पटककर मोबाइल खोजने लगता। 
मोबाइल पर वह कभी कार दौड़ाता, कभी दुश्मनों से लड़ता और कभी सुपरहीरो बनकर ऊँची इमारतों से छलाँग लगाता। उसकी दुनिया मोबाइल की छोटी सी स्क्रीन में सिमट गई थी।

माँ कई बार समझातीं, बेटा, थोड़ा बाहर जाकर भी खेल लिया करो। लेकिन छोटू का जवाब तैयार रहता, माँ, ये पुराने जमाने के खेल हैं। असली मजा तो मोबाइल में है।

एक दिन दादाजी उसे पास के मैदान में ले गए। वहाँ बच्चे कबड्डी खेल रहे थे। कोई दौड़ लगा रहा था तो कोई फुटबॉल खेल रहा था।

दादाजी ने कहा, छोटू, आज तुम्हारा एक नया गेम होगा।

छोटू ने पूछा, इसमें कितने लेवल हैं?

दादाजी हँसकर बोले, जितने चाहो! बस मोबाइल पर नहीं, सचमुच अपने पैरों का इस्तेमाल करना होगा।

कबड्डी का खेल शुरू हुआ। छोटू भी एक टीम में शामिल हो गया। उसने पहली बार कबड्डी खेली। साँस रोककर विरोधी टीम में जाना, खिलाड़ियों को छूकर वापस लौटना उसे बड़ा रोमांचक लगा। एक बार वह पकड़ा गया तो धूल में गिर पड़ा। सब हँसने लगे, लेकिन कबीर ने हाथ बढ़ाकर उसे उठाया।

अगली बार छोटू ने ऐसी फुर्ती दिखाई कि विरोधी टीम के तीन खिलाड़ियों को छूकर वापस आ गया। उसकी टीम जीत गई। छोटू खुशी से उछल पड़ा।

खेल के बाद वह पसीने से तर था, साँस तेज चल रही थी, कपड़े धूल सने थे,लेकिन चेहरे पर ऐसी खुशी थी जो मोबाइल पर घंटों खेलने के बाद भी कभी नहीं मिली थी।

दादाजी ने पूछा, कैसा लगा तुम्हारा नया गेम?

छोटू बोला, दादाजी, इसमें तो मजा ही मजा है! इसमें दोस्त भी हैं, दौड़ भी है और जीतने पर सबकी तालियाँ भी।

उस दिन के बाद छोटू की दिनचर्या बदल गई। अब वह रोज शाम को मैदान में खेलने जाता। धीरे धीरे उसकी दौड़ तेज होने लगी और नए दोस्त भी बन गए।

एक दिन माँ ने उसे मोबाइल पर वीडियो गेम खेलते देखा तो पूछा, आज मैदान नहीं जाना?

छोटू मुस्कराया, जाऊँगा माँ! मोबाइल में मेरा खिलाड़ी दौड़ता है, लेकिन मैदान में मैं खुद दौड़ता हूँ। मोबाइल में जीतने पर सिर्फ लेवल पार होते है, मैदान में जीतने पर सारे दोस्त खुशी से उछलते हैं।

माँ ने उसे गले लगा लिया।

दादाजी दूर खड़े मुस्करा रहे थे। उन्हें समझ आ गया था कि छोटू अब केवल वीडियो गेम का खिलाड़ी नहीं, जिंदगी के असली खेल का चैंपियन बन रहा है।

 - विवेक रंजन श्रीवास्तव
देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post