काव्य :
गुड़िया चाबी वाली
नन्ही- सी जिद के हाथों को
झटक रही कंगाली
दिला न पाए हम मुनिया को
गुड़िया चाबी वाली।
रूठ गई है प्यारी बिटिया
टप- टप आँसू बहते
उसे पता क्या पापा उसके
किस हालत में रहते
खली बहुत मेले में उस दिन
अपनी किस्मत काली।
दिला न पाए हम मुनिया को
गुड़िया चाबी वाली।
चिढ़ा रही अब देखो कैसी
अपनी ही परछाईं
भौतिकवादी चकाचौंध से
आँखें हैं चकराईं
कहीं माल से भरीं तिजोरी
यहाँ जेब तक खाली
दिला न पाए हम मुनिया को
गुड़िया चाबी वाली।
एक वक्त खाते हैं रोटी
चार जने हैं घर में
मूलभूत सुविधा के सपने
लटके बीच अधर में
बैठी मार पलौथी कब से
जीवन में बदहाली
दिला न पाए हम मुनिया को
गुड़िया चाबी वाली।
शौक दूर की कौड़ी लगते
पड़े दवा के लाले
डाल लिए हैं संवेदन ने
निज होठों पर ताले
शायद इसीलिए मुरझाई
उम्मीदों की डाली
दिला न पाए हम मुनिया को
गुड़िया चाबी वाली।
ऊँच-नीच का आज तराजू
संबंधों को तोले
कौन हृदय में अपनेपन के
द्वार यहाँ पर खोले
धनबल के सम्मुख निष्ठा की
बात गई है टाली
दिला न पाए हम मुनिया को
गुड़िया चाबी वाली।
गाँधीवादी आदर्शों को
ओढ़ें कहाँ बिछाएँ
कलयुग में सतयुग का बोलो
किसको पाठ पढ़ाएँ
बजी हमारी नाकामी पर
मुस्काती- सी ताली
दिला न पाए हम मुनिया को
गुड़िया चाबी वाली।
स्वाभिमान की भेंट चढ़ा है
अच्छे दिन का पहिया
रास न आई चाटुकारिता
सचमुच हमको भइया
मार गया खुशियों को लकवा
सूख गई हरियाली
दिला न पाए हम मुनिया को
गुड़िया चाबी वाली।
- उपमेंद्र सक्सेना एडवोकेट
'कुमुद- निवास', बरेली
मोबा.-98379 44187
Tags:
काव्य
