गुरयाना में दीपोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया
राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता दिवस जन-जन को देश भक्ति और राष्ट्र सेवा का संदेश देगा- विशाल जैन
सरदार बल्लभ भाई पटेल एवं इंदिरा गाँधी को विनयाँजली समर्पित की।
ललितपुर। विकासखंड मड़ावरा अंतर्गत संकुल केंद्र पारौल के उच्च प्राथमिक विद्यालय गुरयाना में धन्य त्रयोदशी पर दीपोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। विद्यालय की मनीषा, राधा, लक्ष्मी, सुहानी, राजकुमारी, मोहिनी आदि छात्राओं ने सुन्दर रंगोली सजायी एवं सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। वक्ताओं ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता दिवस- 31अक्टूबर के महत्व पर प्रकाश डाला। इस मौक़े पर अहिंसा सेवा संगठन के संस्थापक सहायक अध्यापक विशाल जैन पवा ने कहा भारतीय संस्कृति में दीपावली का विशेष स्थान है, इस पावन दिन त्रेता युग में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम चौदह वर्ष का वनवास पूर्ण कर वापस अयोध्या लौटे थे एवं 527 ईसा पूर्व जैनधर्म के 24 वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी को निर्वाण हुआ था। उन्होंने कहा सरदार बल्लभ भाई पटेल की 149 वीं जयंती एवं भारत रत्न इंदिरा गाँधी की 40 वीं पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता दिवस जन-जन को देश भक्ति और राष्ट्र सेवा का संदेश देगा। सहायक अध्यापक नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा आजाद देश के पहले गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल एवं प्रथम महिला प्रधानमंत्री आयरन लेडी इंदिरा गाँधी ने देश के विकास में अविस्मरणीय योगदान दिया, उनका जीवन चरित्र आज भी प्रासंगिक हैं। इंचार्ज प्रधानाध्यापक संतोष कुशवाहा ने सरदार बल्लभ भाई पटेल जयंती एवं भारत रत्न इंदिरा गाँधी की पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलायी। अंत में सभी ने दोनों महान व्यक्तित्व को विनयाँजली समर्पित की एवं बच्चों ने दीप प्रज्वलित कर श्री राम और भगवान महावीर स्वामी के जयकारे लगाये। जिसमें सभी शिक्षक शिक्षामित्र एवं रसोइया का सहयोग रहा। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय पारौल में इंचार्ज प्रधानाध्यापक स्वाति श्रीवास्तव एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय चाँदौरा में इंचार्ज प्रधानाध्यापक प्रभा सिंह के नेतृत्व में दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय देवरी में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता दिवस मनाया गया। जिसमें संतोष कुमार, लक्ष्मण दास, निर्गुण ब्रह्मदास, दुलीचंद्र आदि मौजूद रहे। नोडल संकुल संतोष कुशवाहा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

