लघुकथा :
रद्दी
' नीलू, यह क्या सारे अखबार गत्ते गाड़ी में लाद रही हो। अपने तो कैंपस में बहुत रद्दी वाले आते हैं। हां वह मार्केट वाला थोड़ी महंगी ले लेता है।' नीलू की पड़ोसन बेला ने नीलू को गाड़ी में सब कुछ भरते देख कर कहा।
' यह मैं बेचने नही जा रही। मैं इसे पुल के नीचे जो बहुत से गरीब लोग बैठे हैं उनको देने जा रही हूं।' नीलू ने सारा सामान ठीक करके रखते हुए कहा।
' वह क्या करेंगे। उनके सिर पर तो छत भी नहीं है।इन्हें कहा रखेंगे'। बेला ने झट से पूछा।
' तभी तो उन्हें इसकी जरूरत है'। नीलू ने कहा और साथ ही रामू से बोली,' वह पीछे जो टूटी मेज़ पड़ी है और वो टाल से जो लकड़ियां लाया था वह भी उठा ला।'
' मैं कुछ समझी नही.... बेला ने अजीब सा मुंह बनाकर पूछा, यह टाल से लाई लकड़ियां .....सब क्या है ?'
' ठंड इतनी बढ़ गई है। हम बंद कमरों में कांप रहे हैं। वह खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। इन्हें जलाकर वह कुछ गर्माहट ले लेते हैं।' नीलू ने आराम से समझाया।
' पर नीलू यह सब जलाने से तो प्रदूषण फैलता है।'
' हां, प्रदूषण तो फैलता ही है।' नीलू थोड़ा हंस कर बोली।
' फिर आप पढ़ी-लिखी हो कर भी –' ' आप ठीक कह रही हो। हम पढ़े-लिखे ही प्रदूषण फैलाते हैं। वह चाहे ए सी चलाकर, ढेरों कपड़े और जूते इकट्ठे करके या दस कदम भी जाना हो तो गाड़ी या स्कूटर पर जाकर।'
' यह सब चीजें तो अब लाइफ में जरूरी हो गई है। इनके बिना तो सोचा भी नहीं जा सकता।' बेला ने शब्दों में लाचारी सी भरते हुए कहा।
' बेला जी हमारे बच्चे रात को मस्ती मारने के लिए गाड़ी में शहर मे चक्कर लगाते हैं, आइसक्रीम का सर्दी में लुत्फ उठाने के लिए गाड़ी और स्कूटर उठा कर निकल पड़ते है। गाड़ी से जितना प्रदूषण फैला के आते हैं उससे कहीं बहुत कम प्रदूषण फैला कर यह गत्ते, अखबार और लकड़ियां कई लोगों को ठंड से अकड़ने से काफी हद तक सहायक होते हैं। कई बार तो उनकी जीवन रक्षक भी बन जाती हैं।' नीलू ने बड़े आराम से समझाया।
' पर आपका यह सारा सामान उनकी कितनी रातें निकलवायेगा और कितने लोगों की।' बेला ने फिर प्रश्न दागे।
' मैंने तो एक शुरुआत की हैं। हो सकता है यह एक मुहिम बन जाए। आजकल अखबार के साथ-साथ बहुत से घरों में कोरियर से सामान बहुत आता है जितना सामान उससे ज्यादा पैकेजिंग का मेटेरियल होता है। यह पैकेजिंग का मेटेरियल भी जब बनता है तो बहुत प्रदूषण फैलाता है। बेला जी आप कहेंगी कि कोरियर तो अब हमारे जीवन का हिस्सा हो गए है। बिल्कुल सही, पर कम से कम इस सब कचरे को हम जरूरतमंद लोगों तक पहुंचा कर कुछ तो उनकी मदद कर ही सकते हैं।' नीलू ने कहते हुए गाड़ी का दरवाजा खोला और स्टार्ट कर अपने गंतव्य की ओर बढ़ गई। पर पीछे खड़ी बेला को बहुत कुछ सोचने पर मजबूर कर गई।
- प्रो अंजना गर्ग, म द वि रोहतक

