साहित्यकार सम्मान समारोह 21 को : पद्मश्री जोशीला जी व अन्य साहित्यकार होंगे सम्मानित
इन्दौर। मातृभाषा उन्नयन संस्थान, सीईपीआरडी व इंदौर लेखिका संघ का साहित्यकार सम्मान समारोह शनिवार 21 जून को इंदौर प्रेस क्लब में सायं 4 बजे आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में निमाड़ गौरव, वर्ष 2025 में पद्मश्री जगदीश ‘जोशीला’ सहित अन्य साहित्यकारों का सम्मान होगा और लघु फ़िल्म गणगौर का प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्य अतिथि विधायक उषा ठाकुर होंगी। कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. सरोज कुमार की अध्यक्षता एवं डॉ. अनिल भंडारी, राजेश राठी का विशिष्ट आतिथ्य रहेगा।
संयोजक एस. एन. गोयल ने बताया कि 'आयोजन में जगदीश ‘जोशीला’ जी का अभिनंदन व प्रो. सरोज कुमार को संस्थान द्वारा जीवन गौरव सम्मान दिया जाएगा। इसमें निमाड़ी संस्कृति और हिन्दी भाषा के महत्त्व से संबंधित लघु फ़िल्म का प्रदर्शन भी होगा। साथ ही, डॉ. पद्मा सिंह, डॉ. सुनीता फड़नीस व मुन्नी गर्ग को साहित्य रत्न सम्मान व सत्यनारायण मंगल, मणिमाला शर्मा व नितेश गुप्ता को हिन्दी रत्न सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
यह आयोजन सभी के लिए खुला है। इसमें निमाड़ व इन्दौर के साहित्यकार भी शामिल होंगे।