श्रीरामेश्वरम धाम से पुण्य लाभ लेकर श्रद्धालु सकुशल लौटे
-श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव और तीर्थ यात्रा का भव्य समापन
हरदा । खेड़ापति भागवत समिति, खेड़ीपुरा के श्रद्धालुजन श्रीरामेश्वरम धाम से पुण्य लाभ लेकर सकुशल नगर लौट आए। समिति के तत्वावधान में आयोजित 7 दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव एवं तीर्थ यात्रा का समापन 7 जुलाई को पूर्णाहुति और महाप्रसादी के साथ हुआ था। इसके पश्चात श्रद्धालु अन्य तीर्थ स्थलों के दर्शन कर आज हरदा पहुंचे। 150 श्रद्धालुओं के इस पुण्य यात्रा दल ने श्रीरामनाथस्वामी मंदिर, धनुषकोडी, कोदंड रामस्वामी मंदिर, सीता कुंड तिरूपती, कन्याकुमारीजैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कर आत्मिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त की। समिति के सक्रिय सदस्य राजू हरने ने जानकारी दी कि रामेश्वरम में हरदा के सुप्रसिद्ध भागवताचार्य पं. विद्याधर उपाध्याय महाराज (नयापुरा) ने अपनी दिव्य वाणी से प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का अमृतपान कराया। आज जैसे ही श्रद्धालु खेड़ापति मंदिर, खेड़ीपुरा पहुंचे, मोहल्ले वासियों ने उनका फूल-मालाओं और जयघोष के साथ आत्मीय स्वागत किया। मंदिर प्रांगण में एक संक्षिप्त स्वागत-सत्कार समारोह भी आयोजित किया गया जिसमें समिति पदाधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों ने अपनी श्रद्धा और हर्ष व्यक्त किया। खेड़ापति भागवत समिति की तीर्थ यात्राओं की श्रृंखला का तीसरा प्रमुख आयोजन रहा, जो इस बार और भी विस्तृत, भव्य और दिव्य रूप में संपन्न हुआ। उन्होंने आगामी समय में और भी ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों की रूपरेखा तैयार करने की बात कही।
Tags:
समाचार
.jpg)
