ad

न्यास कॉलोनी में भूमि पूजन समारोह , विकास की नई दिशा : गिरते पानी में भूमि पूजन, वार्ड की महिलाओं ने विधायक का पुष्प वर्षा से स्वागत किया


न्यास कॉलोनी में भूमि पूजन समारोह , विकास की नई दिशा : गिरते पानी में भूमि पूजन, वार्ड की महिलाओं ने विधायक का पुष्प वर्षा से स्वागत किया

इटारसी। लगातार बदलते स्वरूप और विकास कार्यों से प्रगति की ओर अग्रसर न्यास कॉलोनी में सोमवार 18 अगस्त को भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। माननीय विधायक डॉ. सीता शरण शर्मा एवं नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चोरे के करकमलों से कुल लगभग ₹39 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ हुआ।

प्रमुख विकास कार्यों में शामिल हैं –

- साईं मंदिर ग्राउंड में पार्क निर्माण – ₹8 लाख

- पत्रकार अरविंद शर्मा के निवास के सामने बालक पार्क एवं आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण – ₹15 लाख

- वार्ड 14 एवं 12 में दो आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण – ₹16 लाख

इस प्रकार कुल मिलाकर ₹39 लाख की राशि व्यय की जाएगी।

विकास की उपलब्धियाँ

कार्यक्रम की शुरुआत में सामाजिक कार्यकर्ता मनीष सिंह ठाकुर ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि न्यास कॉलोनी वर्षों से अपेक्षा का शिकार रही, किंतु अब लगातार हो रहे विकास कार्यों ने इसे एक आदर्श बस्ती की ओर अग्रसर कर दिया है। उन्होंने उल्लेख किया कि आज बड़े नाले पर लगभग ₹22 लाख की लागत से पक्के निर्माण कार्य की भी शुरुआत हुई है। इससे कॉलोनी में स्वच्छता और जल निकासी की बड़ी समस्या का समाधान होगा।

विधायक डॉ. सीता शरण शर्मा ने कहा – “न्यास कॉलोनी को सर्वश्रेष्ठ कॉलोनी बनाने का जो सपना हमने देखा था, वह धीरे-धीरे साकार हो रहा है। सभी गार्डनों में बुजुर्गों के लिए बैठने की कुर्सियाँ एवं बच्चों के लिए खेल सामग्री व झूले लगाए जाएंगे।”

नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चोरे ने कहा –“यह कार्य केवल निर्माण नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर को ऊँचा उठाने का प्रयास है। हमारी प्राथमिकता खेल, शिक्षा, स्वच्छता और बच्चों के लिए सुविधाएँ उपलब्ध कराना है।”

महिलाओं का उत्साह

गिरते पानी के बीच भूमि पूजन कार्यक्रम में वार्ड की महिलाओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर विधायक का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने पुष्प वर्षा कर माननीय अतिथियों के प्रति आभार और खुशी व्यक्त की। इस अवसर को महिलाओं ने उत्सव जैसा बना दिया।

विशिष्ट उपस्थिति

इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी रितु मेहरा, इंजीनियर मीनाक्षी चौधरी, इंजीनियर सोनी अग्रवाल, नगर मंडल अध्यक्ष राहुल चोरे, महामंत्री शैलेंद्र दीक्षित, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष, पार्षद सभापति गीता पटेल, पार्षद जिम्मी कैथवास, पार्षद अमित विश्वास, पार्षद कुंदन गौर, ठेकेदार पुनीत मालवीय, नगर मंडल उपाध्यक्ष संगीता मालवीय, पूनम सोनकर, जया मीणा, सुरेंद्र सिंह एवं श्रीकांत तिवारी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

बारिश के बीच संपन्न हुए इस भूमि पूजन कार्यक्रम में अतिथियों ने ईश्वर की आराधना कर कार्य की सफलता की प्रार्थना की। उपस्थित नागरिकों ने इसे ऐतिहासिक और यादगार क्षण बताया।

आभार

न्यास कॉलोनी की जनता की ओर से पार्षद अमृता ठाकुर ने विधायक डॉ. सीता शरण शर्मा एवं अध्यक्ष पंकज चोरे का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि -“पिछले तीन वर्षों में लगभग 80% सड़कों व नालियों का निर्माण हो चुका है। संजीवनी क्लिनिक, सामुदायिक भवन, पार्क, आंगनबाड़ी, विद्यालय और ई-लाइब्रेरी जैसी सुविधाएँ यहाँ की नई पहचान होंगी। आज दो नए पार्कों का भूमि पूजन और बड़े नाले पर पक्के निर्माण कार्य की शुरुआत हमारी कॉलोनी के लिए ऐतिहासिक क्षण है।”

उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे इन विकास कार्यों को सुरक्षित रखें और न्यास कॉलोनी को एक आदर्श बस्ती बनाने में सहयोग करें।

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post