ad

श्रीरामलीला महोत्सव में दर्शकों ने देखा सुबाहु-मारीच वध और अहिल्या उद्धार


श्रीरामलीला महोत्सव में दर्शकों ने देखा सुबाहु-मारीच वध और अहिल्या उद्धार

इटारसी। नगर पालिका परिषद, इटारसी द्वारा आयोजित श्रीरामलीला दशहरा महोत्सव में आज सैकड़ों की संख्या में दर्शकों ने गांधी मैदान और वीर सावरकर मैदान पर रामलीला के मनमोहक प्रसंगों का आनंद लिया। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म के गौरवशाली इतिहास से रूबरू कराया।
आज रामलीला मंचन की शुरुआत में पार्षद एवं सभापति गीता देवेन्द्र पटेल, श्रीमती नाजिया शाहबाज बेग और विधायक प्रतिनिधि देवेन्द्र पटेल, हन्नू बंजारा ने भगवान की आरती की। संचालन पार्षद राहुल प्रधान ने किया।
गांधी मैदान में श्री बालकृष्ण लीला संस्थान वृंदावन के कलाकारों ने रामलीला के महत्वपूर्ण प्रसंगों को जीवंत कर दिया। मंच पर सुबाहु-मारीच वध की लीला ने दर्शकों में धर्म की जीत का उत्साह भर दिया। इसके बाद, ऋषि विश्वामित्र के साथ भगवान राम द्वारा अहिल्या उद्धार की मार्मिक कथा का मंचन किया गया, जिसने दर्शकों को भक्ति और करुणा से ओत-प्रोत कर दिया। इसके साथ ही, गंगा पार करने, भगवान राम और लक्ष्मण के जनकपुरी नगर दर्शन, और पुष्पवाटिका में माता सीता से भेंट के प्रसंगों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वहीं, वीर सावरकर मैदान में भी श्री जगदंबा रामलीला मंडल सतना के कलाकारों ने इसी तरह के प्रसंगों का मंचन किया गया, जिसमें अहिल्या उद्धार, फुलवारी, गिरिजा पूजन और गंगा अवतरण की कथाएं प्रस्तुत की गईं।
नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने बताया कि दोनों ही मैदानों में दर्शकों के लिए बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार के साथ रामलीला देखने अवश्य आएं और अपनी संस्कृति से जुड़ें।
यह आयोजन न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि यह हमारी भावी पीढ़ी को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति के मूल्यों से परिचित कराने का एक सशक्त माध्यम भी है। रामलीला महोत्सव के दौरान आने वाले दिनों में और भी कई प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post