रायपुर में 121 विभूतियों का भव्य सम्मान : 'विभूति अलंकरण अवार्ड' से महका सभागार
रायपुर। प्रतिष्ठित दैनिक “दबंग स्वर” एवं अग्रणी सामाजिक-साहित्यिक संस्था “वक्ता मंच” द्वारा आज रायपुर के वृन्दावन सभागृह में आयोजित भव्य समारोह में प्रदेश के 121 विशिष्ट व्यक्तित्वों को “विभूति अलंकरण अवार्ड” से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम गरिमा, उत्साह और सम्मान की चमक से सराबोर रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा थे, वहीं अध्यक्षता बस्तर अंचल के प्रमुख हर्बल उत्पादक एवं कृषि विशेषज्ञ डॉ. राजाराम त्रिपाठी ने की। विशिष्ट अतिथियों में जिला जनसम्पर्क अधिकारी अनिल द्विवेदी, जनमन के संपादक अनिल सिंह, छ.ग. जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अमित गौतम, वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार धर द्विवेदी, एवं संपादक पं. पी. के. तिवारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम की खास झलकियाँ
समारोह की शुरुआत में दबंग स्वर के दुर्ग संस्करण का विमोचन किया गया। साथ ही, वक्ता मंच के माध्यम से विनोद ओमप्रकाश गोयल ने अपने माता-पिता की स्मृति में 50 कंबल दिव्यांग आश्रम को समर्पित किए।बाल प्रतिभाओं की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को जीवंत बनाया।
सम्मान उनके दरवाज़े तक पहुँचकर खिल जाता है - मुख्य अतिथि
मुख्य अतिथि सत्यनारायण शर्मा ने कहा— "समाज जब आगे बढ़कर श्रेष्ठ कार्य करने वालों की पीठ थपथपाता है, तब प्रतिभाओं में नई ऊर्जा का संचार होता है।"
उन्होंने दबंग स्वर के “नो निगेटिव न्यूज़” मिशन और सकारात्मक पत्रकारिता की खुलकर सराहना की।
पत्रकारिता और साहित्य—एक नई धारा
सभी अतिथियों ने इस बात की प्रशंसा की कि आज के दौर में लोगों की अच्छाई ढूँढकर उन्हें सम्मानित करना एक बड़ा सामाजिक कार्य है, और वक्ता मंच इसे वर्षों से ईमानदारी से निभा रहा है।
दबंग स्वर के साहित्य-केंद्रित पन्नों ने कम समय में पाठकों का बड़ा वर्ग तैयार किया है और देश भर के साहित्यकारों को महत्वपूर्ण मंच दिया है।
देश-प्रदेश की विभूतियों को मिला सम्मान
रायपुर, दुर्ग, गरियाबंद, राजनांदगांव, बिलासपुर, महासमुंद सहित पूरे प्रदेश से पहुँची 121 विभूतियों को मोमेंटो, प्रशस्ति-पत्र एवं साफा पहनाकर सम्मानित किया गया।
दिव्यांग पैरा ओलंपिक खिलाड़ी तोरण यादव एवं प्रीति यादव से सम्मान की शुरुआत हुई, जिन्हें सभागार ने खड़े होकर तालियों के साथ सलामी दी।
कारगिल योद्धा का हुआ विशेष अभिनंदन
कारगिल युद्ध में वीरता दिखाने वाले और वर्तमान में अधिवक्ता एवं साहित्यकार वीरेंद्र शर्मा का सम्मान करते समय पूरा सभागार भारत माता की जय के नारे से गूँज उठा।
प्रमुख सम्मानित व्यक्तित्व
सम्मानित होने वालों में अनिल पुसदकर, हितेंद्र तिवारी, डॉ. विष्णु श्रीवास्तव, त्रिलोक चंद बरडिया, शकुंतला तरार, डॉ. निरंजन हरितवाल, एम. श्रीराम मूर्ति, डॉ. पुरुराज साहू, डॉ. प्रांजल मिश्रा, रोहित सोनी, विनोद गोयल, अनुराग दीक्षित, संजना हियाल, नंदिनी ढगे, निष्ठा शर्मा, शिखा गोस्वामी निहारिका, डॉ. लक्ष्मीकांत शर्मा, गोरेलाल बर्मन, डॉ. जयेश शर्मा, गोपाल प्रसाद सुल्तानिया, डॉ. निसरीन हुसैन, जसवंत क्लॉडियस, लक्ष्मीकांत पंडा सहित दिग्गज हस्तियाँ शामिल थीं।
सफल आयोजन के नायक
पूरे कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजेश पराते, शुभम साहू, विवेक बेहरा, ज्योति शुक्ला, यशवंत यदु, करण बघेल, राजाराम रसिक, परम कुमार, रामचंद्र श्रीवास्तव, एस.एन. जोशी, मनीष अवस्थी, पूर्णेश डडसेना, नूपुर साहू सहित अनेक प्रबुद्ध जनों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
अंत में वक्ता मंच के संयोजक शुभम साहू ने आभार व्यक्त किया।

