ad

इटारसी में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज़, वार्ड 22-23 में पार्षद गीता पटेल ने घर-घर पहुँचकर किया जागरूक


 

इटारसी में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज़, वार्ड 22-23 में पार्षद गीता पटेल ने घर-घर पहुँचकर किया जागरूक

इटारसी। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान (एसएआर) को लेकर शहर में जनजागरूकता गतिविधियाँ लगातार तेज़ हो रही हैं। रविवार को इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 22 और 23 में पार्षद गीता देवेंद्र पटेल ने बीएलओ टीम के साथ व्यापक जनसंपर्क किया।

पार्षद गीता पटेल और बीएलओ कर्मचारियों ने घर-घर पहुँचकर मतदाताओं से संवाद किया, उनसे प्रपत्र भरने में आने वाली दिक्कतों के बारे में जानकारी ली और मौके पर ही उनकी समस्याओं का समाधान किया। इस दौरान नए मतदाताओं के पंजीयन, पते में बदलाव, नाम सुधार तथा मृत मतदाताओं के नाम विलोपन जैसी प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी गई।

पार्षद प्रतिनिधि देवेंद्र पटेल ने बताया कि मजबूत और पारदर्शी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए हर मतदाता का डाटा अपडेट होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “यदि मतदाता सूची त्रुटिरहित होगी तो मतदान प्रतिशत में भी वृद्धि होगी और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किए जा सकेंगे।”

अभियान के दौरान विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा तथा नगर पालिका अध्यक्ष के नेतृत्व में दोनों वार्डों के मतदाताओं से व्यापक संपर्क किया गया। जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दें और अपने दस्तावेज़ समय पर सत्यापित कराएँ।

बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 और प्रपत्र-8 भरने की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। टीम ने यह भी बताया कि पात्र युवा मतदाताओं को 18 वर्ष पूर्ण होते ही अपना पंजीयन अवश्य कराना चाहिए, ताकि वे आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।

अभियान के प्रति नागरिकों में उत्साह दिखा और अनेक लोगों ने मौके पर ही आवश्यक प्रपत्र भरकर बीएलओ को सौंपे।

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post