वर्धमान फैब्रिक्स बुधनी और नगरपालिका का सराहनीय कदम, इटारसी में रोजगार मेले से 74 युवतियों को मिला रोजगार
इटारसी। वर्धमान फैब्रिक्स, बुधनी द्वारा शहर की युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद इटारसी के सहयोग से 18 नवंबर 2025 को एक भव्य रोजगार मेला आयोजित किया गया। इस पहल के माध्यम से कंपनी ने योग्य युवतियों को रोजगार देकर आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
रोजगार मेला का शुभारंभ विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा और नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मण्डल अध्यक्ष राहुल chourey, स्वास्थ्य समिति के सभापति राकेश जाधव उपस्थित थे. इस अवसर पर वर्धमान फेबरिक्स बुधनी के एचआर आईआर विभाग का प्रतिनिधित्व अजय मालवीय ने किया, उनके साथ टीम के आरपी शर्मा, अमित त्रिपाठी, संतोष मालवीय, नम्रता दास, और भाव्या खरे मौजूद रहीं।
मेले में कुल 161 युवतियों ने भाग लिया, जिसमें से 74 युवतियों का चयन किया गया। चयनित युवतियों में 42 को बस से बुधनी रवाना किया जाएगा, जबकि 32 युवतियां कंपनी के हॉस्टल में रहकर कार्य करेंगी। शेष युवतियां आवश्यक दस्तावेज और आयु मानकों के अनुरूप नहीं होने के कारण चयन से वंचित रहीं।
वर्धमान के प्रतिनिधि अजय मालवीय ने बताया कि चयनित युवतियों को 19 नवंबर सुबह 9 बजे कंपनी में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है, जहां उनकी ज्वाइनिंग और कंपनी का भ्रमण कराने की व्यवस्था होगी।
चयनित युवतियों को पहले 3 माह की अप्रेंटिसशिप दी जाएगी, जिसके बाद योग्यता और कार्य कुशलता के आधार पर उन्हें नियमित नौकरी प्रदान की जाएगी। प्रारंभिक वेतन 12125 रुपये प्रति माह तय है।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा, वर्धमान फेबरिक्स जैसा उद्योग आगे बढ़कर क्षेत्र की बेटियों को रोजगार दे रहा है, यह समाज के लिए सौभाग्य की बात है। नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कंपनी की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा,
जब बेटियां आत्मनिर्भर बनती हैं, तब पूरे परिवार की प्रगति सुनिश्चित होती है। वर्धमान फेबरिक्स का यह प्रयास समाज और शहर के विकास में भी योगदान देगा।
रोजगार मेले के सफल आयोजन में नगरपालिका के कमलकांत बढ़गोती, जगदीश पटेल व अधिवक्ता आशीष मालवीय व टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
.jpg)
