न्यास कॉलोनी उद्यान में श्रमदान: नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने किया स्वच्छता अभियान का नेतृत्व
इटारसी। न्यास कॉलोनी स्थित नव निर्मित उद्यान में रविवार सुबह एक प्रेरणादायक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता एवं जनभागीदारी का उत्कृष्ट संदेश दिया।
इस अभियान में वार्ड के स्वयंसेवकों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मिलकर उद्यान में फैली झाड़ियों और कचरे को साफ किया तथा परिसर को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाने का सामूहिक प्रयास किया।
अध्यक्ष पंकज चौरे ने इस अवसर पर कहा, "स्वच्छता सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों की ऊर्जा और उनकी टीम भावना हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है।"
अभियान में बच्चों की सक्रिय भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उनकी लगन और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी देखकर हर कोई प्रभावित हुआ।
अंत में सभी ने यह संकल्प लिया कि अपने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के इस प्रयास को निरंतर जारी रखेंगे।
इस दौरान समाज सेवी मनीष ठाकुर, पत्रकार पुनीत दुबे,पूर्व पार्षद धर्मवीर सैनी,अशोक तिवारी सहित अन्य मौजूद थे।
.jpg)
