सरस्वती शिशु मंदिर, आर्यनगर, इटारसी में मातृशक्ति संगोष्ठी का आयोजन हुआ
इटारसी । विद्याभारती मध्यभारत प्रान्त की योजना सप्तशक्ति संगम के अंतर्गत आज सरस्वती शिशु मंदिर, आर्यनगर, इटारसी में मातृशक्ति संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। संगोष्ठी की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंध समिति की सम्माननीय सदस्या एवं न्यूट्रीशियन तथा समाजसेविका श्रीमती बबीता अग्रवाल जी ने की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्रीमती आशा मीणा जी (प्रभारी प्राचार्य, माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, पवारखेड़ा, नर्मदापुरम) तथा विशिष्ट अतिथि एवं विद्यालय समिति सदस्या श्रीमती शुभ्रा चांडक जी उपस्थित रहीं।
अपने सारगर्भित उद्बोधन में श्रीमती आशा मीणा जी ने “कुटुम्ब प्रबोधन एवं पर्यावरण संरक्षण” विषय पर प्रभावी प्रतिपादन प्रस्तुत किया। उन्होंने परिवार में संवाद, संस्कार, और मूल्य आधारित जीवन की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक कर्तव्य बताया। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में मातृशक्ति की उपस्थिति रही, जिन्होंने अत्यंत उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। सत्र के अंत में सभी उपस्थित मातृशक्ति को पर्यावरण संरक्षण हेतु संकल्प दिलाया गया।

