ad

सतरंगी स्माइल और मासूमियत की स्पार्कल से जगमगाया बचपन


 

सतरंगी स्माइल और मासूमियत की स्पार्कल से जगमगाया बचपन

इटारसी। कहते हैं कि बच्चों के चेहरे की मुस्कान दुनिया की सबसे सुंदर भाषा होती है। इसी मुस्कान और आत्मविश्वास के संगम को 'बचपन प्ले स्कूल एवं 'एएचपीएस ने अपने वार्षिक उत्सव 'स्माइल एंड स्पार्कल में जीवंत कर दिया। जब नन्हे-मुन्ने कदमों ने मंच पर दस्तक दी, तो लगा मानो सारा हिंदुस्तान एक ही छत के नीचे सिमट आया हो।
 मंच पर जीवंत हुआ 'छोटा भारत'
कार्यक्रम का आगाज 'हर-हर महादेव' के जयघोष और स्वागत नृत्य से हुआ। इसके बाद नन्हे कलाकारों ने 'इंडिया वाले' की धुन पर तिरंगे के प्रति अपनी दीवानगी जाहिर की। सबसे आकर्षक रहा 'स्टेट डांस' और 'फैशन शो', जहां कश्मीर की वादियों से लेकर तमिलनाडु के तटों तक और असम की हरियाली से लेकर गुजरात-राजस्थान की मिट्टी तक, हर प्रदेश की संस्कृति और वेशभूषा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
 संस्कारों की पाठशाला : पंकज चौरे
मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने दार्शनिक अंदाज में कहा, 'नन्हे बच्चों में संस्कार रोपना और उन्हें मंच देकर उनकी प्रतिभा को तराशना, असल में राष्ट्र निर्माण का महान कार्य है। इन छोटे चेहरों पर झलकता आत्मविश्वास प्रबंधन की काबिलियत और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है।
 सम्मान और आत्मीयता का संगम
स्कूल डायरेक्टर दीपक दुगाया ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया, जबकि स्कूल हेड मंजू ठाकुर ने स्वागत उद्बोधन में स्कूल की उपलब्धियों को साझा किया। कार्यक्रम में मदर-फादर कॉम्पिटिशन के विजेता अभिभावकों को ट्रॉफी और अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। मंच का सफल संचालन अनम खान ने किया और अपर्णा दास ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, पार्षद कन्हैया लाल मिहानी, डॉ. ताबिश अरोड़ा, मनीष ठाकुर एवं पार्षद वंदना ओझा, सीमा भदोरिया सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post