महाराष्ट्र का सौंदला: जाति की छाया से मुक्ति का नया अध्याय
[छोटा गांव, बड़ा बदलाव: अम्बेडकर के सपनों का जीवंत उदाहरण]
[महाराष्ट्र के सौंदला ने तोड़ दी जाति की जंजीर, बोया मानवता का बीज]
• प्रो. आरके जैन “अरिजीत”
महाराष्ट्र के अहिल्यानगर ज़िले का छोटा सा सौंदला गांव इन दिनों देशभर की निगाहों में है—ना किसी बड़ी सरकारी योजना की वजह से, ना किसी उद्योगपति की निवेश घोषणा से, और ना ही चुनावी हलकों की हलचल के कारण। यह गांव सुर्खियों में है अपने अडिग नैतिक साहस और समाज सुधार की अनोखी पहल के चलते। सौंदला ने खुद को ‘कास्ट-फ्री’ घोषित कर दिया है—यानी अब यहां इंसान की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि उसके कर्म और चरित्र से होगी। गांववासियों ने इसे अपनी शक्ति का मंत्र बना लिया है: "आमची जात, मानव”। ऐसे समाज में, जहां जाति सदियों से लोगों की तक़दीर गढ़ती रही है, सौंदला का यह कदम एक ऐतिहासिक मोड़ साबित हो रहा है। यह केवल एक घोषणा नहीं, बल्कि एक सजीव सामाजिक क्रांति की शुरुआत है।
सौंदला की इस ऐतिहासिक घोषणा के पीछे कोई अचानक उमड़ा जोश नहीं है, बल्कि यह सालों की संवाद प्रक्रिया, गहन विचार-मंथन, पंचायत बैठकों और युवा पीढ़ी की बेचैनी का परिणाम है। गांव के शिक्षित युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रगतिशील बुजुर्गों ने मिलकर महसूस किया कि जातिगत भेदभाव विकास की सबसे बड़ी बाधा है। शादी-ब्याह, धार्मिक आयोजन, सार्वजनिक समारोह और यहां तक कि रोजमर्रा के व्यवहार में भी अदृश्य दीवारें खड़ी थीं। इन दीवारों को तोड़ने के लिए पंचायत स्तर पर प्रस्ताव पारित किया गया, ग्रामसभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया और सार्वजनिक रूप से घोषणा की गई कि अब गांव में किसी भी प्रकार का जातिगत भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
यह निर्णय केवल प्रतीकात्मक नहीं है। सौंदला में जाति सूचक उपनामों के उपयोग को हतोत्साहित किया गया, सामूहिक भोज और सार्वजनिक कार्यक्रमों में सभी को समान पंक्ति में बैठकर भोजन करने की परंपरा शुरू की गई, और मंदिरों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर समान प्रवेश सुनिश्चित किया गया। पंचायत ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई जाति के आधार पर अपमान, बहिष्कार या भेदभाव करेगा, तो उसके खिलाफ सामाजिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकार गांव ने सामाजिक सुधार को केवल भाषणों तक सीमित न रखकर व्यवहार में उतारने का साहस दिखाया है।
भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जिस समानता और सामाजिक न्याय का सपना देखा था, सौंदला की पहल उसी सपने की धरातलीय अभिव्यक्ति प्रतीत होती है। संविधान का अनुच्छेद 14 सभी नागरिकों को समानता का अधिकार देता है और अनुच्छेद 17 अस्पृश्यता को समाप्त घोषित करता है, परंतु कागजों पर लिखे अधिकारों को वास्तविक जीवन में लागू करने की जिम्मेदारी समाज की ही होती है। सौंदला ने यह स्पष्ट कर दिया कि बदलाव केवल कानून से नहीं, बल्कि सामूहिक इच्छाशक्ति और मानसिकता परिवर्तन से आता है। यहां के लोगों ने यह स्वीकार किया कि जब तक मानसिकता नहीं बदलेगी, तब तक किसी भी सरकारी योजना या आरक्षण नीति का पूरा लाभ समाज को नहीं मिल पाएगा।
इस पहल का सबसे सकारात्मक पक्ष यह है कि गांव में सामाजिक सौहार्द और आर्थिक सहयोग की भावना पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है। पहले जहां जातिगत खांचे विकास योजनाओं में भी बाधा बनते थे, अब सामूहिक निर्णय लेने की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी हो गई है। किसान एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आ रहे हैं, युवा मिलकर खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं, और महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं। जाति की दीवारें गिरने से संवाद का दायरा बढ़ा है और आपसी विश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
सौंदला का यह कदम अन्य गांवों और कस्बों के लिए भी प्रेरणा स्रोत बन सकता है। महाराष्ट्र जैसे प्रगतिशील राज्य में, जहां समाज सुधार आंदोलनों की समृद्ध परंपरा रही है—चाहे वह फुले दंपति का शिक्षा आंदोलन हो या डॉ. भीमराव अंबेडकर का सामाजिक न्याय अभियान—सौंदला ने उसी विरासत को नए संदर्भ में आगे बढ़ाया है। यदि राज्य के अन्य गांव भी ग्रामसभा के माध्यम से ऐसे प्रस्ताव पारित करें और जाति-आधारित भेदभाव के खिलाफ सामूहिक संकल्प लें, तो यह परिवर्तन एक व्यापक सामाजिक लहर का रूप ले सकता है।
यदि केंद्र और राज्य सरकारें, एनजीओ और नागरिक समाज सौंदला की इस पहल का समर्थन करें, तो यह कहानी सैकड़ों और लाखों गांवों तक प्रेरणा के रूप में पहुँच सकती है। इसे स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल किया जा सकता है, ताकि बच्चे समझ सकें कि कैसे एक छोटा गांव सदियों पुरानी जंजीरों को तोड़ सकता है और समानता व सामाजिक न्याय की दिशा में पहला ठोस कदम उठा सकता है। यह अम्बेडकर जी के सपनों को जीवंत बनाने का साधन बन सकता है।
यह पहल उन युवाओं के लिए संदेश है जो जो अब जातिगत बंधनों और पूर्वाग्रहों से थक चुके हैं, उन महिलाओं के लिए जो दोहरे भेदभाव का बोझ उठाती हैं, और उन बच्चों के लिए जो स्वतंत्र और बराबरी के साथ बड़ा होना चाहते हैं। सौंदला ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बदलाव बड़े आंदोलन या सरकारी दबाव से नहीं, बल्कि स्थानीय संकल्प, सामूहिक इच्छा और जागरूक समुदाय से आता है। जब लोग खुद यह तय करें कि वे अन्यायपूर्ण परंपराओं को नहीं अपनाएँगे, तभी बदलाव सच्चा, स्थायी और समाज में गहरा असर डालने वाला बनता है।
हालांकि, यह भी सच है कि केवल घोषणा कर देना पर्याप्त नहीं है। सबसे बड़ी चुनौती यह है कि इस संकल्प को आने वाली पीढ़ियों तक जीवित रखा जाए। बच्चों की शिक्षा में समानता, स्कूलों में भेदभाव रहित वातावरण, अंतरजातीय मित्रता और विवाह को सामाजिक स्वीकार्यता—ये सभी पहलू इस आंदोलन की सफलता तय करेंगे। यदि सौंदला इन क्षेत्रों में भी ठोस कदम उठाता है, तो यह मॉडल पूरे देश के लिए उदाहरण बन सकता है। सामाजिक सुधार का अर्थ केवल परंपराओं को नकारना नहीं, बल्कि नई मानवीय परंपराओं का निर्माण करना है।
सौंदला ने यह साबित कर दिया कि परिवर्तन की चिंगारी गांव की चौपाल जैसी छोटी जगह से भी भड़क सकती है। ‘कास्ट-फ्री’ बनने का यह साहस केवल एक गांव की कहानी नहीं, बल्कि उस भारत का प्रतिबिंब है, जो समानता, बंधुत्व और मानव गरिमा के अटूट मूल्यों पर खड़ा होना चाहता है। अब समय है कि यह अलख हर गांव, हर मोहल्ले और हर दिल तक पहुंचे और समाज को यह सिखाए—जहाँ जाति की दीवारें गिरें, वहीं इंसानियत का सूरज उगे, और हर व्यक्ति अपने कर्म और चरित्र से असली पहचान बनाएं। सौंदला ने बीज बो दिया है, हम इसे वटवृक्ष बनाएं।
प्रो. आरके जैन “अरिजीत”, बड़वानी (मप्र)
ईमेल: rtirkjain@gmail.com
.jpg)
