एनएसएस शिविर में गूँजा जागरूकता का स्वर: साइबर अपराध और महिला स्वास्थ्य पर ग्रामीणों को किया गया सजग
इटारसी । शासकीय कन्या महाविद्यालय, इटारसी की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा ग्राम दमदम में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर मे विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से स्वयंसेविकाओं ने ग्रामीणों को डिजिटल सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हर्षित मौर्य (ASI) ने बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए स्वयंसेविकाओं और ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल युग में सावधानी ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। उन्होंने कहा, कि पुलिस आपकी मित्र है, किसी भी संदिग्ध कॉल या ठगी की स्थिति में डरे नहीं, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचित करें। इसी क्रम में टीटू मर्सकोले ने डिजिटल साक्षरता और कन्हैया गौर ने सोशल मीडिया के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग पर बल दिया। सुरेन्द्र राजपूत ने स्वयंसेविकाओं को समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक डॉ. दिग्विजय सिंह खत्री ने शिविर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयंसेविकाओं द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के बीज बोता है। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ आर एस मेहरा,वरिष्ठ प्राध्यापक श्रीमती मंजरी अवस्थी, डॉ. हर्षा शर्मा, श्रीमती पूनम साहू सहित अन्य स्टाफ ने भी छात्राओं का मनोबल बढ़ाया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने महिलाओं के मासिक धर्म (पीरियड्स) से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों पर प्रहार किया गया। स्वयंसेविकाओं ने संदेश दिया कि यह एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इस दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। ग्रामीणों को कपड़े के स्थान पर सेनेटरी पैड के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही गांव में जागरूकता रैली भी निकाली गई। बौद्धिक चर्चाओं के साथ-साथ स्वयंसेविकाओं के लिए खेलकूद गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी खेल भावना का प्रदर्शन किया। संपूर्ण शिविर का संचालन कार्यक्रम अधिकारी कु. नीतू अहिरवार के कुशल मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उनके नेतृत्व में स्वयंसेविकाएं ग्रामीण अंचल में शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा की अलख जगाने में सफलतापूर्वक जुटी हुई हैं।
.jpg)
