सांचौर में राजस्थान गोसेवा समिति की बैठक, तहसील स्तरीय कमेटी का गठन
जालौर। राजस्थान गोसेवा समिति, जिला शाखा जालौर के तत्वावधान में गुरुवार को सांचौर स्थित गोमाता मंदिर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति की सांचौर तहसील स्तरीय ब्लॉक कमेटी का विधिवत गठन किया गया तथा गोसेवा कार्यों को और अधिक सक्रिय रूप से संचालित करने पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता राजस्थान गोसेवा समिति जालौर के जिला अध्यक्ष श्री बद्रीदान जी चारण (सेवानिवृत्त तहसीलदार) ने की। इस अवसर पर जिला सचिव श्री दिनेश कुमार राजपुरोहित भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को गोसेवा, गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने की शपथ दिलाई गई। समिति के विस्तार और गोसेवा गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से सांचौर तहसील अध्यक्ष पद पर श्री हेमराज चौधरी (चौरा) को नियुक्त किया गया। उल्लेखनीय है कि श्री हेमराज चौधरी केदारेश्वर गौ सेवा समिति गौशाला, चौरा के कोषाध्यक्ष भी हैं। इस अवसर पर नवनियुक्त तहसील अध्यक्ष श्री हेमराज चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सांचौर क्षेत्र में निराश्रित और बेसहारा गोवंश की सेवा, संरक्षण और संवर्धन के लिए समिति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव में गोसेवा के प्रति जागरूकता फैलाएं तथा अधिक से अधिक लोगों को इस पुण्य कार्य से जोड़ें। उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र की गौशालाओं को सशक्त बनाने, निराश्रित गोवंश के लिए चारे-पानी की समुचित व्यवस्था करने तथा घायल एवं बीमार गोवंश के उपचार के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रशासन और समाज के सहयोग से गोवंश संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। बैठक के अंत में जिला अध्यक्ष बद्रीदान चारण ने सभी सदस्यों से आह्वान किया कि वे क्षेत्र में गोवंश के संरक्षण, सेवा और संवर्धन के लिए निरंतर सक्रिय रहकर समाज में जागरूकता फैलाएं।
.jpg)
