ad

संकट में सहारा: निकिता के जीवन के लिए एकजुट हुआ समाज, प्रधानमंत्री राहत कोष से मिली 3 लाख की मदद


 

संकट में सहारा: निकिता के जीवन के लिए एकजुट हुआ समाज, प्रधानमंत्री राहत कोष से मिली 3 लाख की मदद

इटारसी। कहा जाता है कि जहां अपनों का साथ और दुआएं हों, वहां मौत भी हार मान लेती है। इटारसी की 23 वर्षीय निकिता चौरे के मामले में यह सच साबित हो रहा है। किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रही निकिता के लिए सांसद दर्शन सिंह चौधरी के प्रयासों और  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संवेदनशीलता से 3 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। वहीं, समाजसेवी और उपाध्यक्ष सिंधी समाज अनिल मिहानी के प्रयासों से अब तक करीब 8 लाख रुपए की मदद जुटाई जा चुकी है।

 सांसद और प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता

निकिता के उपचार के लिए सांसद प्रतिनिधि योगेन्द्र सिंह राजपूत  और जिला सलाहकार समिति सदस्य प्रशांत पिंटू अग्रवाल ने मामले की गंभीरता को सांसद दर्शन सिंह चौधरी तक पहुंचाया। सांसद ने त्वरित कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा, जिस पर संज्ञान लेते हुए पीएमओ ने 3 लाख रुपए की सहायता राशि मंजूर की।

 अनिल मिहानी और दानदाताओं की बड़ी भूमिका

इस पुनीत कार्य में समाजसेवी और पूज्य पंचायत सिंधी समाज के उपाध्यक्ष अनिल मिहानी के प्रयास बेमिसाल रहे हैं। उनके नेतृत्व में समाज के सहयोग से अब तक करीब 8 लाख रुपए की राशि एकत्र हो चुकी है। यह इटारसी की एकजुटता और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

निकिता का विल पावर : दवाओं के बिना रिकवर हुआ हार्ट

निकिता का किडनी ट्रांसप्लांट उसके हार्ट के कमजोर होने के कारण रुका हुआ था। वर्तमान में वह नागपुर के केयर हॉस्पिटल में भर्ती हैं। हैरत की बात यह है कि अपनी मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर निकिता ने बिना दवाओं के ही अपने हार्ट को रिकवर कर लिया है। अब 22 अप्रैल को निकिता का ऑपरेशन होगा, जिसमें उनकी बहन शिखा चौरे 26 वर्ष अपनी किडनी डोनेट कर उन्हें नया जीवन देंगी।

 विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने भी बढ़ाया हाथ

क्षेत्रीय विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने भी मुख्यमंत्री उपचार सहायता कोष से 10 लाख रुपए की मांग का पत्र लिखा है। और यह मांग पत्र नगर भाजपा अध्यक्ष राहुल चौरे, विधायक प्रतिनिधि अर्जुन भोला एवं समाजसेवी अनिल मिहानी के माध्यम से भोपाल के वल्लभ भवन तक पहुंचाया है उम्मीद है कि यह राशि भी जल्द ही स्वीकृत हो जाएगी, जिससे निकिता के इलाज में आर्थिक बाधा पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।

  समाजसेवी अनिल मिहानी ने इस कठिन समय में सहयोग करने वाले सभी नगरवासियों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मैं सांसद दर्शन सिंह चौधरी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हृदय से आभारी हूं, जिन्होंने एक बेटी की जान बचाने के लिए तुरंत सहायता प्रदान की। साथ ही इटारसी के उन सभी दानदाताओं का भी शुक्रिया, जिन्होंने अपनी सामथ्र्य के अनुसार निकिता की मदद की। आप सभी के सहयोग से ही आज निकिता ऑपरेशन की दहलीज तक पहुंच पाई है। निकिता के जल्द स्वस्थ होने की कामना करें। मानवता की यह जीत हम सभी के लिए गर्व का विषय है।

धन्यवाद आभार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी जी आपके प्रयास और मानवीय दृष्टिकोण के चलते निकिता को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए मिल सकी 3 लाख की आर्थिक सहायता राशि


देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post