नर्मदापुरम-टिमरनी मार्ग निर्माण को मिली मंजूरी, सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया ₹972.16 करोड़ के कार्य का भूमिपूजन
शहर को मिली विकास कार्यों की सौगात, बोले सीएम - किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता
सिवनी मालवा। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को दोपहर सिवनी मालवा पहुंचे। यहां उन्होंने नर्मदापुरम-टिमरनी मार्ग के उन्नयन कार्य का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को ₹972.16 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने नर्मदापुरम-हरदा मुख्य मार्ग पर स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की इसके बाद फूलों से सजे रथ में सवार होकर स्तंभ चौक, नर्मदा मंदिर चौक, नगर पालिका कार्यालय सहित मुख्य चौराहा होते हुए बस स्टैंड तक नागरिकों का अभिनंदन किया। रास्ते में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया।
कृषि उपज मंडी में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम टिमरनी मार्ग के उन्नयन से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे किसानों को कृषि उपज के परिवहन में आसानी होगी और व्यापार को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया सभा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महिलाएं एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं।
.jpg)
