मंदिर ट्रस्ट की भूमि व संपत्तियों में अनियमितता के आरोप, जांच की मांग : भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नीरज तिवारी ने उठाए गंभीर सवाल
सिवनी मालवा। सिवनी मालवा नगर मंडल अध्यक्ष भाजपा नीरज तिवारी ने ग्राम बराखड़ कला स्थित श्री राम जानकी एवं राधा कृष्ण मंदिर ट्रस्ट तथा महावीर जी मंदिर दूधियावड़ की भूमि और संपत्तियों के प्रबंधन में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
नीरज तिवारी ने बताया कि श्री राम जानकी एवं राधा कृष्ण मंदिर ट्रस्ट, ग्राम बराखड़ कला तहसील सिवनी मालवा के अंतर्गत लगभग 65-70 एकड़ कृषि भूमि तथा महावीर जी मंदिर दूधियावड़ में लगभग 15 एकड़ कृषि भूमि है। आरोप है कि इन भूमि को प्रतिवर्ष सार्वजनिक नीलामी प्रक्रिया के बिना ही ट्रस्टियों द्वारा आपसी सहमति से मात्र 20 से 25 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से बांट दिया जाता है, जिससे मंदिर को हर वर्ष लाखों रुपये की हानि हो रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हरदा-नर्मदापुरम मुख्य मार्ग पर नवनिर्मित दुकानों का निर्माण नाले पर बिना किसी विभागीय अनुमति के किया गया है। इन दुकानों का भी बिना नीलामी प्रक्रिया के आपसी सहमति से आवंटन कर दिया गया, जिससे करोड़ों रुपये के गोलमाल की आशंका व्यक्त की जा रही है।
नीरज तिवारी ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा वर्ष 2005 में टीएनसीपी से 2 एकड़ भूमि पर 20 शर्तों के साथ व्यवस्थित आवासीय कॉलोनी की अनुमति प्राप्त की गई थी, जो तीन वर्षों के लिए मान्य थी। अनुमति समाप्त होने के बावजूद प्लॉटों का विक्रय किया गया तथा बिना नगरपालिका अनुमति के निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज के कमजोर आय वर्ग के लिए निर्धारित प्लॉट भी सक्षम व्यक्तियों को बेच दिए गए और अनुमति से अधिक भूमि का विक्रय किया गया।
उन्होंने कहा कि दूधियावड़ मंदिर की लगभग 15 एकड़ भूमि से वर्तमान दर 50 से 60 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से प्रतिवर्ष 7 से 8 लाख रुपये की आय हो सकती है, लेकिन पारिवारिक ट्रस्ट द्वारा आय कम दर्शाकर भूमि का उपयोग निजी लाभ के लिए किया जा रहा है।
नीरज तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि हनुमान जयंती जैसे धार्मिक आयोजनों के लिए भी मंदिर की आय का उपयोग न कर चंदा एकत्रित किया जाता है। साथ ही मंदिर की ऑडिट रिपोर्ट में भूमि से होने वाली आय को नहीं दर्शाया गया तथा सीए के माध्यम से ऑडिट रिपोर्ट अपने हित में तैयार करवाई जाती है।
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नीरज तिवारी ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर मंदिर की संपत्तियों के संरक्षण एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो यह मामला और गंभीर हो सकता है।
.jpg)
