उमरिया के युवा साहित्यकार नवीन कुमार भट्ट ‘नीर’ को रांची में मिलेगी मानद डॉक्टरेट उपाधि
उमरिया। जिले के युवा साहित्यकार नवीन कुमार भट्ट ‘नीर’ को आगामी 30 मई 2026 को रांची में आयोजित साहित्य संगम संस्थान के वार्षिकोत्सव समारोह में मानद डॉक्टरेट उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रेस क्लब रांची में आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश के वरिष्ठ, कनिष्ठ एवं नवोदित साहित्यकार शामिल होंगे।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत, पुस्तक विमोचन, सम्मान समारोह, मानद उपाधि अलंकरण, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी। संस्था की विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों एवं सक्रिय सदस्यों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसी क्रम में उमरिया जिले के युवा साहित्यकार ‘नीर’ को उनकी साहित्यिक सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा।
नवीन कुमार भट्ट ‘नीर’ की रचनाएं विभिन्न डिजिटल वेब ब्लॉग, पत्र-पत्रिकाओं एवं साझा संकलनों में निरंतर प्रकाशित होती रही हैं। क्षेत्रीय बोली एवं खड़ी बोली हिंदी में उनकी विशेष पकड़ मानी जाती है। दैनिक उमरिया खबर एवं दैनिक जन दुनिया सहित कई समाचार पत्रों में उनके लेख एवं आलेख प्रमुखता से प्रकाशित होते रहे हैं।
पत्रकारिता के क्षेत्र में भी उन्होंने इंडियन टीवी न्यूज एवं नो फिकर न्यूज में पूर्व जिला ब्यूरो के रूप में सेवाएं दी हैं। इसके अलावा वे बोली विकास मंच में अधीक्षक, राष्ट्रीय साहित्य प्रभा मंच में सहसचिव तथा योग संगम रविवारीय मंच पर संपादन कार्य से जुड़े रहे हैं।
मंचीय काव्यपाठ एवं साहित्यिक आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले ‘नीर’ को दिल्ली, महाराष्ट्र, झारखंड, उत्तर प्रदेश एवं मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में सम्मानित किया जा चुका है।
कार्यक्रम का संचालन साहित्य संगम संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजवीर सिंह मंत्र, कोषाध्यक्ष छाया सक्सेना ‘प्रभु’, महासचिव कविराज तरुण,छंदाचार्य ओमप्रकाश मधुव्रत एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रशांत करण (पूर्व आईपीएस अधिकारी) के निर्देशन में किया जाएगा।
नवीन कुमार भट्ट ‘नीर’ की इस उपलब्धि पर साहित्य जगत एवं जिलेवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
.jpg)
