जेडआरयूसीसी बैठक में रेलवे सलाहकार सदस्य प्रकाशचंद शिवनानी ने रखे विंध्य क्षेत्र के रेल यात्रियों से जुड़े 7 महत्वपूर्ण प्रस्ताव
खंडवा। पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति (जेडआरयूसीसी) की 23 वीं बैठक में पश्चिम माध्यम रेलवे जोन के जेडआरयूसीसी सदस्य एवं रेल यात्री जनकल्याण संघ (पंजी.) के अध्यक्ष प्रकाश चंद शिवनानी ने विंध्य क्षेत्र के रेल यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने हेतु 7 महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं। ये प्रस्ताव आज 25 जून को महाप्रबंधक कार्यालय, जबलपुर में आयोजित बैठक में विचारार्थ रखे जाएंगे। प्रकाशचंद शिवनानी ने बताया कि विंध्य क्षेत्र के लाखों यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रीवा-बिलासपुर ट्रेन को रायपुर अथवा दुर्ग तक विस्तारित करने या रीवा-दुर्ग नई दैनिक ट्रेन प्रारंभ करने का प्रस्ताव दिया गया है। इसके अलावा रीवा-मुंबई (छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस) एवं रीवा-हड़पसर (पुणे) साप्ताहिक ट्रेनों को सप्ताह में दो दिन संचालित करने की मांग भी रखी गई है। बैठक हेतु प्रस्तुत अन्य प्रमुख प्रस्तावों में रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर (इंदौर) ट्रेन को प्रतिदिन चलाने एवं समय परिवर्तन, जम्मूतवी- कटरा–(प्रयागराज)सूबेदारगंज ट्रेन, वाया दिल्ली, लुधियाना, ब्यास, अमृतसर का विस्तार रीवा तक करने, रीवा-मैहर-कटनी के बीच मेमू ट्रेन चलाने तथा रीवा रेलवे स्टेशन की नई पार्किंग व्यवस्था में व्यावहारिक सुधार शामिल हैं। शिवनानी ने कहा कि इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन से विंध्य क्षेत्र के यात्रियों को रोजगार, शिक्षा, व्यापार, चिकित्सा एवं धार्मिक यात्राओं के लिए बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। साथ ही रेलवे के यात्रीभार एवं राजस्व में भी वृद्धि होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन जनहित से जुड़े इन प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार कर यात्रियों को राहत प्रदान करेगा।
Tags:
समाचार
.jpg)