अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अटल पार्क में सामूहिक योगाभ्यास से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
इटारसी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर के अटल पार्क में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह की ताज़गी भरी बेला में बड़ी संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एकत्रित हुए और योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी श्री नीलेश शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, उपाध्यक्ष निर्मल सिंह,वरिष्ठ भाजपा नेता जयकिशोर चौधरी, जिला महामंत्री मुकेश चंद्र मैना, मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे ,मयंक मेहतो सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने योगाचार्य श्री के.के. सोनी के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कर योग की शक्ति और उपयोगिता को अनुभव किया।
योगाचार्य श्री सोनी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। नियमित योगाभ्यास न केवल बीमारियों से बचाव करता है, बल्कि जीवन में सकारात्मकता, आत्मविश्वास और ऊर्जा का संचार भी करता है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। योग केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक श्रेष्ठ पद्धति है। उन्होंने नागरिकों से प्रतिदिन योग करने और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। पूरे वातावरण में उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मकता का भाव देखने को मिला। सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ भारत, स्वस्थ नगर और स्वस्थ नागरिकों का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा निरोगी, स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन के संकल्प के साथ किया गया।
.jpg)
