अग्निवीर और हॉकी स्टार राजवीर सिंह का ऐतिहासिक स्वागत, ढोल-धमाकों के साथ स्टेशन से गांधी मैदान पहुंचे देश के गौरव
इटारसी। खेल और देश सेवा के संगम का एक अनूठा दृश्य आज इटारसी में देखने को मिला। भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए शहर के होनहार हॉकी खिलाड़ी राजवीर सिंह (वंश) का 6 महीने का कठिन प्रशिक्षण पूरा कर प्रथम नगर आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। राजवीर सिंह सुपुत्र स्व. प्रभजीत सिंह रिंकू एवं पौत्र अमरजीत सिंह आज सुबह पंजाब मेल ट्रेन से इटारसी स्टेशन पहुंचे।
स्टेशन पर उतरते ही उनके साथी हॉकी खिलाडिय़ों और परिजनों ने उन्हें पलकों पर बिठा लिया। वहां से ढोल-धमाकों और पूरे गाजे-बाजे के साथ उन्हें जुलूस के रूप में गांधी मैदान (हॉकी मैदान) लाया गया, जहां खेल और सामाजिक जगत की हस्तियों ने उनका अभिनंदन किया।
खेल भी कैरियर निर्माण में बड़ा योगदान देता है : साकल्ले
इस गौरवमयी अवसर पर समाजसेवी और वरिष्ठ नेता अशोक साकल्ले विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने राजवीर का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, यदि युवाओं को सही समय पर सही मार्गदर्शन मिले, तो खेल का क्षेत्र भी देश सेवा के साथ-साथ कैरियर बनाने में बड़ा योगदान देता है। राजवीर इस बात की जीती-जागती मिसाल है। उन्होंने राजवीर के इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उनके हॉकी कोच कन्हैया गुरयानी के अथक प्रयासों की सराहना की और उन्हें धन्यवाद दिया।
हॉकी एसोसिएशन और खेल प्रेमियों ने जताया आभार
गांधी मैदान पर आयोजित इस गरिमामयी स्वागत कार्यक्रम में हॉकी नर्मदापुरम इटारसी के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह तोमर, सचिव साजिद मलिक और कोषाध्यक्ष सर्वजीत सिंह सैनी ने भी शिरकत कर राजवीर को इस दोहरी उपलब्धि (अग्निवीर एवं हॉकी स्टार) पर सम्मानित किया। राजवीर के परिवार ने भी इस भावुक क्षण पर कोच कन्हैया गुरयानी का विशेष आभार प्रकट किया, जिन्होंने राजवीर को हमेशा सही दिशा दिखाई।
इस गौरवशाली पल के साक्षी बनने के लिए वरिष्ठ खिलाड़ी आरिफ खान, गरीबा उस्ताद, साहिल चौरे सहित बड़ी संख्या में जूनियर हॉकी खिलाड़ी, खेल प्रेमी और गुरुनानक पुरा, मालवीय गंज के स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
Tags:
समाचार
.jpg)
