12 जुलाई को इटारसी आएंगे आचार्य श्री समयसागर महाराज, सकल जैन समाज ने किया स्वागत का आह्वान
इटारसी। दिगम्बर जैन संत परंपरा के प्रख्यात तपस्वी एवं राष्ट्रसंत परम पूज्य आचार्य समयसागर महाराज ससंघ का इटारसी नगर में मंगल प्रवेश 12 जुलाई, रविवार को शाम 4 बजे होगा। सकल जैन समाज एवं चातुर्मास समिति ने इस अवसर पर नगरवासियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर स्वागत-वंदन एवं दर्शन का लाभ लेने की अपील की है।
आचार्य श्री का नगर प्रवेश पुरानी इटारसी में स्टेट बैंक तिराहा, दमदम रोड से होगा। आचार्य श्री अपने प्रवचनों में अहिंसा, संयम, सदाचार, जीवदया, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और मानवीय मूल्यों का संदेश देते हैं। उनका सान्निध्य समाज में नैतिक चेतना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देता है।
चातुर्मास समिति अध्यक्ष अनिल जैन ने बताया कि आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। स्वागत मार्ग की सजावट की जा रही है।अशोकनगर से आए राकेश जैन के मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं की व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न समितियां कार्य कर रही हैं। समिति ने सभी नागरिकों से इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में सहभागी बनने का आग्रह किया है।
उल्लेखनीय है कि आचार्य श्री समयसागर जी महाराज ससंघ का मध्य प्रदेश में मंगल विहार निरंतर जारी है। शुक्रवार को उनकी आहारचर्या ढोढरा मोहार (भौरा) में हुई। वहां श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर आहारचर्या एवं दर्शन का लाभ प्राप्त किया।
Tags:
समाचार
.jpg)